चन्दौली अलीनगर
पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वाराणसी-चंदौली मार्ग पर एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत लगभग 8 लाख रुपये आंकी गई है। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, उच्च अधिकारियों के निर्देश पर प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव के नेतृत्व में अलीनगर पुलिस टीम वाराणसी-चंदौली मार्ग पर वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी। पचफेडवा बाजार स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध ट्रक (UP65 HT 4242) को रोकने का प्रयास किया गया।
ट्रक चालक ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उसे रोक लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक में मौजूद एक युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान बिहार के कैमूर निवासी अंतू दीक्षित (21 वर्ष) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 1400 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें प्लास्टिक के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 145 पेटी अवैध शराब मिली। इसमें 20 पेटी ‘8 PM’ (180 ML) और 125 पेटी ‘ब्लूलाइम 6000’ (200 ML) शामिल थीं। कुल 1362 लीटर शराब जब्त की गई।
बरामद शराब की पेटियों पर ‘For Sale in Uttar Pradesh Only’ अंकित था। इसे बिहार में ऊंचे दामों पर अवैध रूप से बेचने के लिए ले जाया जा रहा था, जहां शराबबंदी लागू है।
पूछताछ के दौरान अभियुक्त अंतू दीक्षित ने बताया कि वह ट्रक चालक के साथ मिलकर वाराणसी से शराब लाकर बिहार में बेचता था। उसने यह भी खुलासा किया कि शराब किसकी थी और उसे कहाँ पहुँचाना था, इसकी पूरी जानकारी ट्रक चालक को होती थी, जबकि उसे मुनाफे में हिस्सा मिलता था।
इस संबंध में थाना अलीनगर में आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा संख्या 273/2026 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी हुई है।
इस सफल कार्रवाई में प्रभारी थानाध्यक्ष रमेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार गुप्ता, उपनिरीक्षक धुरंधर प्रसाद सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।









Users Today : 33
Users This Year : 17817
Total Users : 30410
Views Today : 79
Total views : 60334