वाराणसी।
गोमती जोन पुलिस ने एक बार फिर अपनी तेज कार्रवाई और मजबूत रणनीति का परिचय देते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। डीसीपी (गोमती जोन) नीतू कादयान, जिन्हें उनके सख्त तेवरों के कारण लोग ‘लेडी सिंघम’ के नाम से जानते हैं, और एडीसीपी नृपेंद्र कुमार के निर्देशन में पुलिस ने मनीष सिंह हत्याकांड के फरार आरोपियों को संरक्षण देने वाले 5 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है।
थाना फूलपुर क्षेत्र में सड़क दुर्घटना के बाद हुए विवाद में मनीष सिंह की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद मुख्य आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद डीसीपी नीतू कादयान ने सख्त निर्देश देते हुए कहा था कि हत्या में शामिल आरोपियों के साथ-साथ उन्हें शरण देने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाए।
इसी क्रम में रविवार 03 मई 2026 को मुखबिर की सूचना पर फूलपुर पुलिस ने घमहापुर क्षेत्र में घेराबंदी कर किशन कुमार, आशीष कुमार, अजय कुमार, प्रदीप भारद्वाज और शिव मोहन राजभर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार इन सभी ने हत्यारोपियों को छिपने के लिए जगह और अन्य संसाधन उपलब्ध कराए थे।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है। अपराधियों को बचाने, साक्ष्य मिटाने या उन्हें पनाह देने वालों के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरे ऑपरेशन में उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार वर्मा, रितेश कुमार, राजित राम यादव तथा कांस्टेबल रूपचंद्र सरोज और अक्षय कुमार की भूमिका बेहद अहम रही। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गोमती जोन पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अपराधियों में खौफ और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा और मजबूत हुआ है।











Users Today : 95
Users This Year : 17408
Total Users : 30001
Views Today : 199
Total views : 59479