चंदौली/पीडीडीयू नगर:
जनपद के मुगलसराय थाना क्षेत्र अंतर्गत कुढ़कलां अलीनगर स्थित देशी मदिरा की दुकान पर आबकारी विभाग के नियमों की खुलेआम अनदेखी का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों के अनुसार दुकान निर्धारित समय से पहले ही सुबह करीब 6 बजे खोल दी जाती थी और शराब की बिक्री धड़ल्ले से शुरू हो जाती थी।
बताया जा रहा है कि दुकान का चैनल खोलकर अंदर से सेल्समैन लगातार शराब बेच रहा था, जबकि शासन द्वारा तय समय से पहले शराब बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। इसके बावजूद लाइसेंसधारी द्वारा नियमों की अनदेखी की जा रही थी।
सूचना मिलने पर चकिया त्रिमुहानी स्थित पुलिस पिकेट पर तैनात आरक्षी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई करते हुए लगभग एक पेटी देशी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से एक ग्राहक को हिरासत में लिया, जबकि दूसरा सेल्समैन फरार हो गया।
मामले में मुगलसराय क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण सिंह ने बताया कि दुकान द्वारा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन किया गया है। आबकारी विभाग को सूचना देकर रिपोर्ट भेज दी गई है और विभाग द्वारा जुर्माना लगाने या लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जा सकती है। वहीं, मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पकड़े गए ग्राहक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति रोजाना बनी रहती है, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा है और युवाओं पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है। लोगों ने आरोप लगाया कि बिना आबकारी विभाग की मिलीभगत के इस प्रकार की गतिविधि संभव नहीं है, जिससे विभाग की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 21
Users This Year : 17462
Total Users : 30055
Views Today : 107
Total views : 59625