गर्मी-छुट्टियों में यात्रियों की भीड़ बढ़ी

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

चन्दौली डीडीयू नगर

मंडल में भीषण गर्मी और छुट्टियों के कारण यात्रियों की संख्या में भारी वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए भारतीय रेल ने यात्रियों की सुविधा के लिए 908 ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों का संचालन शुरू किया है, जिनके तहत कुल 18262 ट्रिप चलाए जाएंगे। यह जानकारी शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे डीडीयू मंडल के रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने मीडिया से बातचीत के दौरान दी।

रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने बताया कि इन विशेष ट्रेनों में से लगभग 70 ट्रेनें डीडीयू मंडल से होकर गुजरेंगी। इनमें से 41 ट्रेनें प्रतिदिन संचालित होंगी।

इन दैनिक ट्रेनों में से 22 ट्रेनें डीडीयू–पटना खंड से और 19 ट्रेनें ग्रैंड कॉर्ड खंड से होकर गुजरेंगी।

रेल प्रशासन ने इन ट्रेनों के सुचारु संचालन के लिए विशेष निगरानी व्यवस्था की है। यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए एक ‘वॉर रूम’ स्थापित किया गया है, जहाँ से स्थिति पर लगातार नज़र रखी जा रही है।

गर्मी के मौसम को देखते हुए यात्रियों के लिए स्टेशनों पर अतिरिक्त वॉटर कूलर लगाए गए हैं। ‘रेल नीर’ की बोतलबंद पानी की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है, और प्रत्येक स्टेशन पर पानी की पर्याप्त आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

स्टेशनों पर खानपान की सुविधाओं को सुदृढ़ किया गया है। स्काउट एंड गाइड तथा विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं के सहयोग से यात्रियों को पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। स्टेशन मैनेजर के कार्यालयों, सर्कुलेटिंग एरिया और पैसेंजर रिजर्वेशन सेंटर (PRC) पर अतिरिक्त पानी के बूथ भी स्थापित किए गए हैं।

यात्रियों और रेलवे कर्मचारियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, स्टेशन मैनेजर कार्यालयों में ओआरएस (ORS) पैकेट और नींबू की व्यवस्था की गई है, ताकि गर्मी से राहत मिल सके।

रेलवे का लक्ष्य है कि इस भीषण गर्मी के दौरान भी यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक यात्रा का अनुभव प्रदान किया जा सके।

 

रिपोर्ट – अलीम हाशमी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई