चहनियां/चंदौली
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद चहनियां स्थित मां खण्डवारी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को खुशी का माहौल रहा। विद्यालय में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को संस्थापक प्रबंधक डॉ.राजेन्द्र प्रताप सिंह एवं प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार सिंह ‘कैलाशी’ ने माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर शिक्षकों ने मेधावी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत के लिए प्रेरित किया।
हाईस्कूल परीक्षा परिणाम में अशोक यादव पुत्र सूबेदार यादव ने 91.5 प्रतिशत, साक्षी सिंह पुत्री विंध्याचल सिंह ने 92 प्रतिशत, कल्पना मोदनवाल पुत्री अश्वनी कुमार ने 92.3 प्रतिशत, लक्ष्मी मिश्रा पुत्री सुदर्शन मिश्रा ने 91.5 प्रतिशत तथा छाया यादव पुत्री सतेंद्र यादव ने 89.66 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सफलता हासिल की।
वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में संजना विश्वकर्मा पुत्री संतोष विश्वकर्मा ने 85 प्रतिशत अंक पाकर विद्यालय का नाम रोशन किया।
इस मौके पर प्रबंधक राजेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी उत्तीर्ण छात्र-छात्राओं को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कहा कि जो बच्चे टॉप करेंगे, उनकी फीस पूरी तरह निःशुल्क रहेगी। इतना ही नहीं, उन्होंने घोषणा की कि जो विद्यार्थी इंटरमीडिएट के बाद बीए, बीएससी अथवा बीकॉम करना चाहेंगे, उनकी 90 प्रतिशत फीस माफ की जाएगी।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह पढ़ने-लिखने की उम्र है। इस समय मन लगाकर पढ़ाई करनी चाहिए। मोबाइल, इधर-उधर की बातों और बेवजह की चर्चाओं से दूरी बनाकर यदि नियमित रूप से मेहनत की जाए, तो सफलता अवश्य मिलेगी। उम्मीद जताई कि अगले वर्ष केवल इतने ही नहीं, बल्कि 100 बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा।
प्रधानाचार्य आशुतोष कुमार सिंह ‘कैलाशी’ ने कहा कि मेधावी छात्र-छात्राओं को माला पहनाने और मिठाई खिलाने का उद्देश्य बाकी विद्यार्थियों को प्रेरित करना है, ताकि वे भी उनसे सीख लेकर बेहतर परिणाम प्राप्त करें। उन्होंने विशेष रूप से छात्रा संजना का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने नियमित रूप से कक्षाएं अटेंड कीं और किसी कोचिंग संस्थान का सहारा नहीं लिया, फिर भी अपने दम पर सफलता हासिल की ।
इस दौरान उपप्रधानाचार्य सुनील सिंह,डॉ. सुदर्शन मिश्र,कमलेश सिंह,अशोक सिंह,सन्तोष विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे ।








Users Today : 5
Users This Year : 24182
Total Users : 36775
Views Today : 6
Total views : 72313