आगरा, 18 अप्रैल 2026:
आगरा की काशीराम कॉलोनी में अवैध कब्जों का खेल जोरों पर है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बड़ी संख्या में लोग बिना आवंटन के मकानों पर कब्जा कर रह रहे हैं और गलत धंधों को अंजाम दे रहे हैं।
अफसरों के आने पर लगा देते हैं ताला
कॉलोनीवासियों के अनुसार, जब भी प्रशासनिक अधिकारी जांच के लिए पहुंचते हैं, तो अवैध कब्जाधारी मकानों पर ताला लगाकर गायब हो जाते हैं। कई बार तो अपने बीवी-बच्चों को कमरे के अंदर बंद कर खुद निकल जाते हैं, ताकि जांच न हो सके। इस तरह वे अफसरों की आंखों में धूल झोंक रहे हैं।
इन ब्लॉकों में सबसे ज्यादा कब्जे
स्थानीय लोगों ने शास्त्रीपुरम तिकोनिया पार्क के पास स्थित ब्लॉक 22, 23, 24 और 25 में सबसे ज्यादा अवैध कब्जे होने का दावा किया है। लोगों की मांग है कि उच्च अधिकारियों द्वारा इन मकानों की गहन जांच कराई जाए।
पात्रों को नहीं मिल रहे आवंटित मकान
आरोप है कि जिन लोगों के नाम पर मकान आवंटित हैं, उन्हें रहने की जगह नहीं मिल पा रही, जबकि अवैध कब्जाधारी मजे से रह रहे हैं। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जांच कराकर पात्र लोगों को उनके आवंटित मकान दिलाए जाएं और अवैध कब्जाधारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
फिलहाल इस मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन स्थानीय लोग जल्द कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं।










Users Today : 13
Users This Year : 17454
Total Users : 30047
Views Today : 45
Total views : 59563