मिर्जापुर
मिर्जापुर के चुनार में रविवार सुबह एक महिला ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। महिला ने अपने 11 वर्षीय बेटे को चुनार पक्का पुल पर अकेला छोड़ दिया था। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद महिला का शव बरामद कर लिया गया।
यह घटना रविवार सुबह लगभग 9 बजे चुनार कोतवाली के समीप गंगा पुल पर हुई। महिला को अपनी आँखों के सामने गंगा में कूदते देख उसका मासूम बेटा पहले तो कुछ समझ नहीं पाया, लेकिन माँ को नदी में समाते देख वह जोर-जोर से रोने लगा। राहगीरों ने तत्काल इसकी सूचना चुनार कोतवाली पुलिस को दी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने बालक से पूछताछ की। बालक ने अपना नाम छोटू और पता हिनौती, थाना अहरौरा बताया। सूत्रों के अनुसार, महिला ने पारिवारिक कलह से आहत होकर यह कदम उठाया। पुलिस ने महिला के परिजनों को सूचित किया।
घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि महिला का नाम आरती (अर्चना) पत्नी बबलू, उम्र लगभग 35 वर्ष, निवासी हिनौता है।
वह सुबह अपने 11 वर्षीय पुत्र के साथ अपने मायके सीखड़ क्षेत्र के चुरामनपुर जाने के लिए निकली थी, लेकिन रास्ते में पुल पर बच्चे को छोड़कर गंगा में कूद गई। स्थानीय गोताखोरों के साथ-साथ एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया। एनडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से महिला का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में अग्रिम कार्रवाई तथा जांच में जुटी हुई है।
रिपोर्ट – आनंद यादव










Users Today : 79
Users This Year : 23870
Total Users : 36463
Views Today : 221
Total views : 71718