वाराणसी।
शहर के आदमपुर थाना क्षेत्र के पठानी टोला इलाके में उस वक्त सनसनी फैल गई जब सुरक्षा एजेंसियों ने एक चिकित्सक के घर पर अचानक छापेमारी कर दी। यह कार्रवाई कथित टेरर फंडिंग से जुड़े गंभीर मामले में की जा रही है, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश एटीएस, महाराष्ट्र एटीएस और इंटेलिजेंस ब्यूरो की संयुक्त टीम ने डॉक्टर आरिफ अंसारी के आवास पर दबिश दी। टीम कई घंटों से मौके पर मौजूद है और परिवार के सदस्यों से गहन पूछताछ कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसियां डॉक्टर के बेटे अबू बकर से पूछताछ कर रही हैं, जो नीट की तैयारी कर रहा है। उसके मोबाइल, लैपटॉप समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को खंगाला जा रहा है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अबू बकर कथित तौर पर एक संदिग्ध कश्मीरी हैंडल के संपर्क में था, जो व्हाट्सएप के जरिए बातचीत करता था। बताया जा रहा है कि यह हैंडल पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क से लिंक हो सकता है। इसी इनपुट के आधार पर एजेंसियों ने वाराणसी में यह बड़ी कार्रवाई की।
डॉक्टर आरिफ अंसारी पेशे से बाल रोग विशेषज्ञ हैं। उनका क्लिनिक और आवास एक ही भवन में स्थित है, जहां नीचे क्लिनिक और ऊपर परिवार निवास करता है।
छापेमारी के दौरान पूरे इलाके को पुलिस ने घेर लिया है। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और किसी को भी मौके के आसपास जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। स्थानीय लोगों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।
फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाने में लगी हैं। मामले में आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।










Users Today : 6
Users This Year : 23797
Total Users : 36390
Views Today : 6
Total views : 71503