गेल (इंडिया) लिमिटेड ने वाराणसी सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) परियोजना के अंतर्गत स्वच्छ, सुरक्षित और किफायती ऊर्जा के प्रसार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। इसी क्रम में मुढैला, वाराणसी स्थित होटल श्रिगो बनारस में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) आपूर्ति की सफल शुरुआत की गई।
अब तक एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भर यह होटल प्रतिमाह औसतन 30 से 35 सिलेंडरों की खपत करता था। PNG आपूर्ति प्रारंभ होने के साथ ही होटल को निर्बाध गैस उपलब्धता, बेहतर सुरक्षा मानक, परिचालन लागत में उल्लेखनीय कमी तथा पर्यावरण‑अनुकूल ईंधन के उपयोग जैसे अनेक लाभ प्राप्त होंगे।
PNG के उपयोग से न केवल होटल की परिचालन दक्षता में सुधार होगा, बल्कि एलपीजी सिलेंडरों के भंडारण और परिवहन से जुड़ी समस्याओं से भी मुक्ति मिलेगी। इसके साथ ही कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी, जो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। यह पहल गेल की उस सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत होटल, रेस्टोरेंट, वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों और उद्योगों को स्वच्छ ऊर्जा से जोड़कर काशी को हरित एवं स्वच्छ बनाने का लक्ष्य रखा गया है।
PNG आपूर्ति का उद्घाटन सुशील कुमार, महाप्रबंधक (वाराणसी) द्वारा किया गया। इस अवसर पर गौरी शंकर मिश्र, महाप्रबंधक, कलाधर नारायण, महाप्रबंधक (C&P), सुरेश तिवारी, महाप्रबंधक तथा देबाशीष साहू, वरिष्ठ अधिकारी सहित गेल के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।
होटल श्रिगो बनारस को PNG नेटवर्क से जोड़ना, वाराणसी में एक और वाणिज्यिक उपभोक्ता को स्वच्छ गैस सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में गेल की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। गेल वाराणसी निरंतर अपने गैस वितरण नेटवर्क का विस्तार कर अधिक से अधिक वाणिज्यिक उपभोक्ताओं तक विश्वसनीय, सुरक्षित और पर्यावरण‑अनुकूल ऊर्जा समाधान पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है।










Users Today : 6
Users This Year : 23797
Total Users : 36390
Views Today : 6
Total views : 71503