महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दी बधाई एवं कार्यशाला स्थित नव निर्मित उद्यान का किया उद्घाटन
बनारस रेल इंजन कारखाना में दिनांक 2 अप्रैल 2026 को महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने कार्यशाला पहुंचकर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 रेल इंजनो के निर्माण के ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दी। तत्पश्चात उन्होंने कार्यशाला परिसर में नवनिर्मित उद्यान का उद्घाटन भी किया।
इस अवसर पर उन्होंने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि बनारस रेल इंजन कारखाना ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में 572 रेल इंजनों का अभूतपूर्व उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।यह शानदार उपलब्धि अब तक के सभी वित्तीय वर्षों में सर्वाधिक लोको उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाते हुए न केवल बरेका की उत्कृष्ट तकनीकी क्षमता और कार्यकुशलता को दर्शाती है, बल्कि भारतीय रेल के आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है।

पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 20% की उल्लेखनीय वृद्धि
पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में कुल रेल इंजन उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उपलब्ध कार्य दिवसों के आधार पर बरेका ने प्रति कार्य दिवस लगभग 1.9 रेल इंजन का निर्माण कर अपनी उत्पादन क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
558 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण
इस वित्तीय वर्ष में बरेका द्वारा कुल 558 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया गया, जो रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित 553 इंजनों के लक्ष्य से लगभग 1% अधिक है। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
WAG-9 : 401
WAP-7 : 143
WAP-7 (अमृत भारत) : 14
निर्यात और गैर-रेलवे ग्राहकों हेतु लोकोमोटिव निर्माण
बरेका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए मोजाम्बिक को 10 रेल इंजनों का निर्यात किया। इसके साथ ही गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए भी 04 डीजल रेल इंजनों का निर्माण किया गया।

बरेका की गौरवशाली उत्पादन यात्रा
स्थापना से लेकर मार्च 2026 तक बरेका द्वारा 2925 विद्युत रेल इंजनों सहित कुल 11259 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है, जो भारतीय रेल के विकास में बरेका की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है।
इन हाउस निर्माण में शानदार उपलब्धियाँ
बरेका ने इस वर्ष महत्वपूर्ण इन हाउस विद्युत कम्पोनेंट्स तथा क्षेत्रीय रेलों के लिए डीजल कम्पोनेंट्स के निर्माण और मरम्मत में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है:
इन हाउस विद्युत शेल निर्माण में लगभग 93% वृद्धि (2024–25 में 42 से बढ़कर 2025–26 में 81)।
एचएचपी टर्बो ओवरहॉलिंग में 20% वृद्धि (2024–25 में 545 से बढ़कर 2025–26 में 653)।
पवार असेंबली निर्माण में 186% वृद्धि, जो 2024–25 के 1616 से बढ़कर 2025–26 में 4624 अदद हो गया।वाटर पम्प असेंबली निर्माण में 482% वृद्धि, जो 2024–25 के 122 से बढ़कर 2025–26 में 710 अदद हो गया।
वित्तीय वर्ष (2026–27) के लक्ष्य के प्रति समर्पित बरेका
आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए रेलवे बोर्ड द्वारा बरेका को 642 विद्युत रेल इंजनों के निर्माण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य दिया गया है, जिसमें 166 अमृत भारत (WAP-7) रेल इंजन शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 15 रेल इंजनों (10 डीजल एवं 5 विद्युत) की पीरियाडिक ओवरहॉलिंग का लक्ष्य भी निर्धारित किया गया है।
इन हाउस निर्माण एवं मरम्मत के लिए निम्नलिखित लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं:
इन हाउस विद्युत शेल : 12 अदद
पावर असेंबली: 9000 अदद
वाटर पम्प असेंबली: 900 अदद
टर्बो ओवरहॉलिंग: 500 अदद
टर्बो क्लच असेंबली : 1200 अदद
पर्यावरण के प्रति समर्पण
इस अवसर पर कार्यशाला परिसर में नवनिर्मित उद्यान का उद्घाटन भी बरेका महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत द्वारा किया गया। यह पहल पर्यावरण संरक्षण के प्रति बरेका की प्रतिबद्धता और हरित कार्य संस्कृति को दर्शाती है।

महाप्रबंधक ने दी टीम बरेका को बधाई
रिकॉर्ड उत्पादन की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत और टीम भावना की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए बरेका की भविष्य की कार्ययोजना और आगामी लक्ष्यों पर भी प्रकाश डाला तथा कहा कि टीम बरेका अपने सामूहिक प्रयास, तकनीकी दक्षता और नवाचार के बल पर आने वाले वर्षों में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि “टीम बरेका अपने समर्पण और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति के बल पर भारतीय रेल के विकास में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।”
इस अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार,महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त देवराज कुमार मौर्य, मुख्य सतर्कता अधिकारी अंकुर चंद्रा, मुख्य विद्युत इंजीनियर अरविंद कुमार जैन, उप महाप्रबंधक सागर, उप मुख्य विद्युत इंजीनियर सुदीप रावत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण, संयुक्त सचिव, कर्मचारी परिषद प्रदीप कुमार यादव, अमित कुमार, नवीन कुमार सिन्हा, सुशील कुमार सिंह, श्रीकांत यादव, एवं मनीष कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मचारीगण उपस्थित रहे।










Users Today : 257
Users This Year : 10658
Total Users : 23251
Views Today : 422
Total views : 45661