वाराणसी महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर रविवार दोपहर वाराणसी में मिशन शक्ति फेज़-5 का आगाज़ जोरदार तरीके से हुआ। सम्पूर्णानन्द से लेकर डीसीपी काशी जोन कार्यालय तक निकली इस विशेष बाइक रैली ने पूरे शहर का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। इस रैली में 100 बाइक पर सवार 200 महिला सिपाहियों ने भाग लिया, जबकि पीआरवी 112 की गाड़ियों ने भी रैली को सुरक्षा और शौर्य का प्रतीक बनाया।
पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने कार्यक्रम स्थल पर पत्रकारों से बातचीत में साफ कहा कि “मिशन शक्ति सिर्फ़ औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने का सतत प्रयास है।” उन्होंने बताया कि एंटी रोमियो स्क्वॉड की कार्यप्रणाली को और तेज़ किया जाएगा, महिला हेल्प डेस्क को और प्रभावी बनाया जाएगा तथा हेल्पलाइन 1090 को मजबूत कर हर पीड़िता तक तत्काल मदद पहुँचाने का काम किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर लगे बैनरों पर लिखा नारा “नारी सुरक्षा, नारी सम्मान, नारी स्वावलंबन” रैली के माध्यम से वास्तविक रूप लेता दिखा। महिला सिपाहियों के आत्मविश्वास और जोश ने यह संदेश दिया कि वाराणसी की सड़कों पर अब महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोपरि होगा।
स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला पुलिस की सक्रिय मौजूदगी समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देती है और इससे अपराधियों के हौसले पस्त होंगे।
रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी








Users Today : 26
Users This Year : 24203
Total Users : 36796
Views Today : 33
Total views : 72340