प्रयागराज
में माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन से जुड़ी कुर्क की गई जमीन अब गरीबों के लिए आवास निर्माण में उपयोग की जाएगी। पीपल गांव स्थित एयरपोर्ट रोड के पास करीब चार बीघा जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट बनाए जाने की तैयारी शुरू हो गई है।
यह जमीन करीब तीन वर्ष पहले पुलिस विभाग द्वारा कुर्क की गई थी। अब प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने यहां आवासीय परियोजना विकसित करने के लिए जिला प्रशासन से पत्राचार किया है। पीडीए की प्रस्तावित योजना के अनुसार इस भूमि पर सात अपार्टमेंट बनाए जाएंगे, जिनमें एक हजार से अधिक फ्लैट तैयार किए जाने की संभावना है।
प्रशासन का कहना है कि जमीन हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। इस आवासीय परिसर में पार्क और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि निवासियों को बेहतर जीवन-स्तर मिल सके। पीडीए के जोनल अधिकारी सूरज पटेल ने बताया कि जमीन उपलब्ध होते ही परियोजना पर तेजी से काम शुरू किया जाएगा और इसे दो से तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई लूकरगंज की लगभग 1800 वर्गमीटर जमीन पर प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 76 फ्लैट बनाए जा चुके हैं। इन फ्लैटों की चाबियां दो वर्ष पहले योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज पहुंचकर स्वयं लाभार्थियों को सौंपी थीं। इस पहल को प्रशासन की बड़ी कार्रवाई और गरीबों के लिए राहतकारी कदम के रूप में देखा जा रहा है।











Users Today : 143
Users This Year : 23934
Total Users : 36527
Views Today : 308
Total views : 71805