वाराणसी 17/032026
34वीं वाहिनी पीएसी भुल्लनपुर वाराणसी के प्रशिक्षण केंद्र में मंगलवार को आरटीसी परीक्षा में प्रशिक्षु आरक्षियों को खुलेआम नकल कराने का मामला सामने आया है। ट्रेनिंग के बाद 600 प्रशिक्षु आरक्षी परीक्षा दे रहे थे, उन्हें तीन आईटीआई/पीटीआई नकल करा रहे थे।
मंगलवार को जब 600 प्रशिक्षु आरक्षियों की आरटीसी परीक्षा आयोजित की जा रही थी। परीक्षा के दौरान अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे अधिकारियों को देखकर पीएसी ट्रेनिंग सेंटर में हड़कंप मच गया। तीन पीटीआई जो प्रशिक्षुओं की कापियां लेकर लिख रहे थे और खुलेआम पूरे परीक्षा हाल में नकल करा रहे थे, तीनों कॉपियां छोड़कर मौके से भागने लगे। संदेह होने पर अफसरों द्वारा उन्हें दौड़ाकर पकड़ा गया।

जांच में सामने आया कि आईटीआई और पीटीआई प्रशिक्षुओं को सामूहिक नकल करा रहे थे, इन्हें एक राजपत्रित अफसर का सहयोग था। घटना के बाद संबंधित पीटीआई आशुतोष कुमार राय, राजू कुमार और विपुल कुमार मल्लिक से पूछताछ की गई। इनमें से दो, आशुतोष राय और विपुल कुमार मल्लिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि मामले की जांच सहायक सेनानायक को सौंप दी गई है।
वहीं, एक अन्य आरोपी आरक्षी राजू कुमार के खिलाफ संबंधित जनपद से कार्रवाई कराने के लिए पत्राचार किया गया है। इस पूरे मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को भी दे दी गई है। प्रशिक्षण केंद्र में हुई इस घटना से विभाग में हड़कंप मच गया है फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है। इनके खिलाफ विभाग की ओर से कठोर कार्रवाई की गई है, जांचोपरांत लिप्त सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जायेगी।
रिपोर्ट : रिम्मी कौर











Users Today : 137
Users This Year : 23928
Total Users : 36521
Views Today : 299
Total views : 71796