वाराणसी स्वच्छ काशी, सुंदर काशी और प्लास्टिक मुक्त काशी अभियान के तहत नगर निगम ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए लहरतारा स्थित फुलवरिया गेट नंबर पांच के पास एक ट्रक से करीब 2200 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक जब्त किया। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्लास्टिक से भरे ट्रक को कब्जे में लेते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद वाहन का चालान कर दिया गया।
दोपहर के समय एक ट्रक प्रतिबंधित प्लास्टिक की बड़ी खेप लेकर फुलवरिया स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी पर पहुंचा था। ट्रक से माल उतारने और किराये के भुगतान को लेकर ड्राइवर और ट्रांसपोर्टर के बीच विवाद शुरू हो गया। दोनों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला आसपास के लोगों और प्रशासन तक पहुंच गया।
घटना की सूचना मिलते ही अपर नगर आयुक्त संगम लाल के नेतृत्व में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई। अधिकारियों ने ट्रक की जांच कराई तो उसमें भारी मात्रा में प्रतिबंधित प्लास्टिक लदा हुआ पाया गया। टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए प्लास्टिक की खेप को जब्त कर लिया और इसकी जानकारी लहरतारा पुलिस चौकी को दी।
सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रक को अपने कब्जे में लेकर उसका चालान कर दिया। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे शहर के किस क्षेत्र में सप्लाई किया जाना था।
नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग, भंडारण तथा परिवहन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई भी व्यक्ति या संस्था प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग या व्यापार में लिप्त पाई जाती है तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। फिलहाल पुलिस और नगर निगम की टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।











Users Today : 34
Users This Year : 23976
Total Users : 36569
Views Today : 101
Total views : 71917