चकिया, चंदौली अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर के गांधी पार्क परिसर में पूर्वांचल पोस्ट फाउंडेशन उत्तर प्रदेश की ओर से ‘सशक्त होती भारत की बेटियां’ विषय पर संगोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चकिया विधायक कैलाश आचार्य, नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गीता शुक्ला, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, समाजसेवी कैलाश जायसवाल ने मां दुर्गा के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर किया। इस दौरान विधायक सहित अन्य अतिथियों ने 5 नारी शक्ति को नारी प्रेरणा सम्मान 2026 से विभूषित किया।

मुख्य अतिथि विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि आज की महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का लोहा मनवा रही हैं। देश की उन्नति और विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि बेटियों को आगे बढ़ाने के लिए समाज को सकारात्मक सोच अपनानी होगी।
वहीं विशिष्ट नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने कहा कि नारी शक्ति समाज की असली ताकत है। जब महिलाओं को सम्मान और अवसर मिलता है, तभी एक मजबूत और विकसित समाज का निर्माण संभव होता है। हमारे प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में आज हमारी माता बहनें आत्मनिर्भर हो रही हैं।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गीता शुक्ला ने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा, प्रशासन और सामाजिक सेवा जैसे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए शिक्षा और आत्मविश्वास बेहद जरूरी है।
इस अवसर पर चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में डॉ. सुधा सिंह, डॉ. उजाला चौधरी और मीनाक्षी शर्मा, पुलिस सेवा के क्षेत्र में उपनिरीक्षक खुशबू यादव तथा समाज सेवा के क्षेत्र में अनीता शर्मा को ‘नारी प्रेरणा सम्मान-2026’ से सम्मानित किया गया। विधायक कैलाश आचार्य और चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने उन्हें स्मृति चिन्ह, अंगवस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया।

संगोष्ठी में समाजसेवी कैलाश प्रसाद जायसवाल, डॉ. सुधा सिंह, अनीता शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता आशु, प्रधान सिकंदरपुर सीमा गुप्ता और वार्ड सभासद ज्योति गुप्ता ने भी महिलाओं को संबोधित करते हुए नारी शक्ति, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस दौरान एडीओ कोऑपरेटिव श्री चंद्र, समाजसेवी सत्य प्रकाश गुप्ता, थाना प्रभारी अर्जुन सिंह, ज्ञान प्रकाश गुप्ता सहित फाउंडेशन के प्रबंधक प्रशांत कुमार, कार्तिकेय पांडेय, अमरदीप गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक प्रधान सीमा गुप्ता, सभासद ज्योति गुप्ता, मिथिलेश कुमार समेत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सदर मुस्ताक अहमद खान ने किया।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 7
Users This Year : 10665
Total Users : 23258
Views Today : 8
Total views : 45669