चन्दौली शहाबगंज क्षेत्र के कृष्णार्पन गांव की मुख्य गली में बनी नालियों पर ढक्कन न लगाए जाने से ग्रामीणों की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। गली में जगह-जगह खुली नालियां न सिर्फ दुर्घटनाओं को दावत दे रही हैं, बल्कि गंदगी और दुर्गंध से लोगों का जीना भी दूभर हो गया है। हालात यह हैं कि रात के समय साइकिल व बाइक सवार कई बार इन खुली नालियों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं, इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
ग्रामीणों के अनुसार मुख्य गली गांव की सबसे व्यस्त गली है, जहां से दिन-रात लोगों का आवागमन बना रहता है। नालियों पर ढक्कन न होने के कारण खासकर रात के अंधेरे में राहगीरों को नालियां दिखाई नहीं देतीं और वे हादसे का शिकार हो जाते हैं। गांव निवासी चंदन कुमार, छोटेलाल, कांता, महेंद्र, दुलारे, सतीश, भगवानदास, अमरनाथ और जमुना सहित तमाम ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अब तक कई लोग गिरकर घायल हो चुके हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि नालियों की नियमित सफाई भी नहीं कराई जाती। सफाई न होने के कारण नालियां बजबजाती रहती हैं और उनसे लगातार दुर्गंध उठती रहती है। इससे बस्ती में रहना मुश्किल हो गया है। दुर्गंध के चलते लोगों को सांस लेने में परेशानी होती है, वहीं मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि मुख्य गली से आगे कई हिस्सों में नाली का निर्माण ही नहीं कराया गया है। नाली न होने के कारण घरों का गंदा पानी सीधे सड़क पर बहता रहता है। इससे मुख्य मार्ग की हालत काफी दयनीय हो गई है। सड़क पर हर समय कीचड़ और गंदगी फैली रहती है, जिससे होकर लोगों को मजबूरी में गुजरना पड़ता है। कई बार स्कूली बच्चें और बुजुर्ग गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत स्तर पर शिकायत की गई, लेकिन केवल आश्वासन ही मिले। न तो नालियों पर ढक्कन लगाए गए और न ही सफाई व्यवस्था में कोई सुधार हुआ। इससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
इस संबंध में जब एडीओ पंचायत अरविंद सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामला उनके संज्ञान में है। उन्होंने कहा कि गांव में नालियों की स्थिति का जल्द ही निरीक्षण कराया जाएगा। जहां-जहां ढक्कन नहीं लगे हैं, वहां ढक्कन लगवाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नालियों की नियमित सफाई कराई जाएगी।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी










Users Today : 14
Users This Year : 23710
Total Users : 36303
Views Today : 43
Total views : 71309