-97 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले भव्य और हाईटेक भवन का निर्माण 15 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य
-पूर्वांचल ही नहीं सूबे का सबसे आधुनिक होगा नगर निगम मुख्यालय, निर्माण की प्रक्रिया प्रक्रिया तेज, शीघ्र शुरू होगा भवन निर्माण कार्य
-एक ही छत के नीचे मिलेंगी बैंक, डाकघर व पुलिस चौकी की सुविधाएं, महापौर, नगर आयुक्त व पार्षदों के लिए होंगे विशेष कक्ष
वाराणसी :
नगर निगम मुख्यालय का स्वरूप अब पूरी तरह बदलने वाला है। सिगरा स्थित मुख्यालय परिसर में जर्जर हो चुके पुराने भवनों को ध्वस्त यहां भव्य और हाईटेक नगर निगम सदन भवन का निर्माण किया जाएगा। करीब 97 करोड़ (9699.65 लाख) रुपये की लागत से बनने वाला इस अत्याधुनिक भवन का मॉडल विशेष रूप से काशी और गंगा की थीम पर आधारित है, जिसकी बाहरी बनावट शिवलिंग की आकृति जैसी नजर आएगी। वर्तमान में इसे जी-प्लस फोर (चार मंजिला) स्तर पर निर्मित किया जा रहा है, जिसका कुल निर्मित क्षेत्र 21,858.01 वर्ग मीटर है। आवश्यकता पड़ने पर इसे भविष्य में सात मंजिला (जी-प्लस सेवन) तक विस्तार देने का भी विकल्प रखा गया है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों रखे जाने की तैयारी है, जिसके लिए नगर निगम ने प्रक्रिया तेज कर दी है।
इसका निर्माण कार्यदायी संस्था सीएण्डडीएस, उप्र जल निगम द्वारा ईपीसी मोड पर 15 माह में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है । ऐसे में यह न केवल प्रशासनिक कामकाज को सुगम बनाएगा, बल्कि अपनी स्थापत्य कला से काशी की संस्कृति की झलक भी पेश करेगा। भवन के भूतल को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि आम जनता को एक ही परिसर में सभी बुनियादी सुविधाएं मिल सकें। यहां तीन अलग-अलग प्रभागों में पुलिस चौकी, बैंक, पोस्ट ऑफिस, पीआरओ कार्यालय, डाटा सेंटर, कंप्यूटर सेल, कैंटीन और जन्म-मृत्यु पंजीकरण कक्ष प्रस्तावित हैं। वहीं प्रथम प्रभाग में रिकार्ड रूम, कैश काउंटर, वॉल्ट रूम, मिटिंग रूम, ग्रीन रूम, जेसीओ रूम, शौचालय तथा द्वितीय प्रभाग में लिफ्ट, सर्विस एरिया, शौचालय, यूनियन हॉल एवं तृतीय प्रभाग में पुलिस चौकी, बैंक/ पोस्ट आफिस, कैंटिन, सर्वर रूम, जन्म/मृत्यु पंजीयन कक्ष, रिकार्ड रूम, टैक्स कलेक्शन रूम आदि प्रस्तावित है।
इसी प्रकार प्रथम तल पर 180 पार्षदों की क्षमता वाला भव्य सदन हॉल होगा, जहां लोकतांत्रिक चर्चाओं के लिए अत्याधुनिक व्यवस्थाएं की जाएंगी। प्रशासनिक कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए भवन के ऊपरी तलों पर विभागों का व्यवस्थित बंटवारा किया गया है। द्वितीय तल पर पार्षदों के लिए विशेष कक्ष और वीवीआईपी रूम होंगे, जबकि चतुर्थ तल पर महापौर, नगर आयुक्त और अपर नगर आयुक्तों के कार्यालय के साथ-साथ एक बड़ा कॉन्फ्रेंस हॉल बनाया जाएगा। तृतीय तल पर मीटिंग रूम और टैक्स विभाग संचालित होंगे। पूरे भवन में आवागमन के लिए दो-दो लिफ्ट, आधुनिक शौचालय और सर्वर रूम जैसी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, जिससे यह पूर्वांचल ही नहीं सूबे का सबसे आधुनिक नगर निगम मुख्यालय बन सके ।
“प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दृढ़ संकल्प से काशी का चहुंमुखी कायाकल्प हो रहा है। सिगरा स्थित नगर निगम का यह नया सदन भवन न केवल अधिकारियों और पार्षदों के लिए एक आधुनिक कार्यस्थल बनेगा, बल्कि अपनी भव्य ‘काशी-गंगा’ सांस्कृतिक थीम के कारण यह वैश्विक पटल पर बनारस की नई पहचान और विकास का ‘मील का पत्थर’ साबित होगा। यह भवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सुशासन का प्रतीक बनेगा, जहां।एक ही छत के नीचे डिजिटल तकनीक और पौराणिक परंपराओं का संगम दिखेगा, जिससे जनसामान्य को मिलने वाली सुविधाओं में अभूतपूर्व सुगमता आएगी।”











Users Today : 1
Users This Year : 6241
Total Users : 18834
Views Today : 1
Total views : 37226