वाराणसी।
शहर में होली, होलिका दहन और रमजान के पावन पर्व को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। इसी क्रम में जैतपुरा थाना क्षेत्र के चौकाघाट स्थित संजय नगर कॉलोनी के हेरिटेज पैलेस में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने की, जिसमें क्षेत्र के पार्षद, पूर्व पार्षद, स्थानीय गणमान्य नागरिक, मौलवी और पुलिस मित्र शामिल हुए।
बैठक को संबोधित करते हुए थानाध्यक्ष उपेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि होली का त्योहार आपसी भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है, जिसे सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जैतपुरा थाना क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो, यह सिर्फ पुलिस नहीं बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
थानाध्यक्ष ने विशेष रूप से अवैध शराब की बिक्री पर सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी व्यक्ति घरों में या कहीं भी छिपकर शराब बेचते हुए पाया जाता है तो उसकी तुरंत सूचना पुलिस को दें। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, झगड़े या विवाद की स्थिति में बिना झिझक पुलिस के सीयूजी (CUG) नंबर पर संपर्क करें, चाहें तो पहचान गोपनीय भी रखी जाएगी।
बैठक में मौजूद पार्षदों और स्थानीय लोगों ने भी भरोसा दिलाया कि वे त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे और किसी भी अफवाह या तनाव की स्थिति में तुरंत प्रशासन को सूचित करेंगे।
बैठक के अंत में सभी ने एक स्वर में सौहार्दपूर्ण वातावरण में होली और रमजान मनाने का संकल्प लिया। इस दौरान जैतपुरा थाना क्षेत्र के अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी भी मौजूद रहे।











Users Today : 11
Users This Year : 23953
Total Users : 36546
Views Today : 11
Total views : 71827