जौनपुर।
थाना बक्शा क्षेत्र के लखौवां बाजार में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब रंगदारी नहीं देने पर नकाबपोश बदमाशों ने एक डॉक्टर पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में डिस्पेंसरी संचालक डॉक्टर बीके बंगाली गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के रहने वाले डॉक्टर बीके बंगाली अपनी डिस्पेंसरी पर मरीजों को देख रहे थे। इसी दौरान बाइक से आए तीन नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे। एक बदमाश बाइक से उतरकर डॉक्टर से कहा— “तुम्हें समझ में नहीं आ रहा है” और इसके बाद फायरिंग शुरू कर दी।
पीड़ित डॉक्टर के अनुसार बदमाशों ने तीन गोलियां चलाईं, जिसमें एक गोली उनके पैर में लगी जबकि दो गोलियां क्लिनिक की दीवार में जा धंसीं। अचानक हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
डॉक्टर बीके बंगाली ने बताया कि कुछ दिन पहले उन्हें व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से शोले सिंह नामक व्यक्ति ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। उन्होंने रंगदारी देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद से लगातार धमकियां मिल रही थीं। पीड़ित का कहना है कि यह हमला उसी धमकी का परिणाम है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल डॉक्टर को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और बदमाशों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं।
दिनदहाड़े डॉक्टर पर हुई इस फायरिंग की घटना ने पूरे जिले में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोगों का कहना है कि यदि चिकित्सक भी सुरक्षित नहीं हैं तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।









Users Today : 1
Users This Year : 15568
Total Users : 28161
Views Today : 1
Total views : 55909