चन्दौली डीडीयू नगर
गरीब, असहाय और जरूरतमंद राहगीरों को ठंड से राहत देने के उद्देश्य से एक रैन बसेरा की शुरुआत की गई है। यह व्यवस्था श्री सूर्य देव मंदिर पूजा सेवा न्यास, मानसरोवर तालाब के तत्वावधान में संचालित की जा रही है।
इस रैन बसेरे में ठंड से बचाव के लिए निःशुल्क रजाई, तोशक और अलाव की समुचित व्यवस्था की गई है। यह सुविधा फरवरी 2026 तक लगातार उपलब्ध रहेगी। रैन बसेरा का संचालन उपजिलाधिकारी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के आदेशानुसार किया जा रहा है।
इस सामाजिक पहल में युवा कमेटी, न्यू युवा कमेटी के सदस्य, संरक्षक गण, कृष्णा गुप्ता और श्री श्री सूर्य देव मंदिर, मानसरोवर तालाब का विशेष सहयोग प्राप्त हो रहा है।
रैन बसेरा में ठहरे भभुआ जिला (बिहार) निवासी शंभू कुमार से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि ट्रेन छूट जाने के कारण उन्हें यहां रुकना पड़ा, लेकिन यहां सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने रैन बसेरे की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया और बताया कि वह सुबह दिल्ली के लिए रवाना हो जाएंगे।
इस अवसर पर सूर्य देव मंदिर के संस्थापक कृष्ण गुप्ता ने बताया कि मानसरोवर तालाब, जो कि छठ पूजा का प्रमुख स्थल है, पर पहली बार नए साल से रैन बसेरा की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी गरीब या असहाय व्यक्ति ठंड के कारण अपनी जान न गंवाए। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर को समाजहित के कार्यों के लिए समर्पित किया गया है और भविष्य में भी इस प्रकार की सेवाएं निरंतर जारी रहेंगी।
गुप्ता ने यह भी कहा कि इस तरह की व्यवस्थाएं हर स्थान पर होनी चाहिए, ताकि ठंड के मौसम में किसी भी जरूरतमंद को परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा भी कई स्थानों पर ऐसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं और स्थानीय कमेटी के सदस्य यह सेवा कार्य पूरी निष्ठा से कर रहे हैं।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 139
Users This Year : 6240
Total Users : 18833
Views Today : 252
Total views : 37224