काशी में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भव्य स्वागत की तैयारियां तेज

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी। बाबा भोलेनाथ की नगरी काशी में आगामी सात जनवरी को भारतीय जनता पार्टी के नवघोषित प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के भव्य स्वागत को लेकर भाजपा महानगर इकाई पूरी तरह सक्रिय हो गई है। महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस क्रम में शुक्रवार को सिगरा स्थित संपूर्णानंद स्टेडियम में एक समीक्षा बैठक आयोजित कर स्वागत व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए शहर में छह प्रमुख स्वागत बिंदु निर्धारित किए गए हैं, जहां भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उनका अभिनंदन करेंगे। इनमें आशापुर फ्लाईओवर के पास पहला स्वागत स्थल, पहड़िया स्थित नवीन गल्ला मंडी का मुख्य द्वार दूसरा बिंदु, पांडेपुर चौराहे से पहले काली माता मंदिर मोड़ तीसरा, पुलिस लाइन चौराहा चौथा, कचहरी स्थित गोलघर चौराहा पांचवां तथा सर्किट हाउस मोड़ पर अंतिम स्वागत बिंदु तय किया गया है।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि वाराणसी आगमन पर प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी का पारंपरिक शंखनाद, डमरू दल और पुष्प वर्षा के साथ भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप पटेल, जिला अध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महापौर अशोक तिवारी सहित महानगर के पदाधिकारी, सभी मंडल अध्यक्ष, मोर्चा अध्यक्ष, पार्षद और बड़ी संख्या में सक्रिय कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई