काशी हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में दिनांक 31 दिसंबर को छात्र–छात्राओं द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन कर त्रिपुरा निवासी एवं देहरादून में MBA की पढ़ाई कर रहे छात्र एंजेल चकमा की निर्मम हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया गया तथा दोषियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की मांग की गई।
श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित छात्र बाजोम ने कहा कि एंजेल चकमा के हत्यारों ने नस्लवादी टिप्पणी और नफरत से प्रेरित होकर दर्दनाक हत्या की, जो देश के लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और मानवीय मूल्यों पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
छात्र राहुल ने कहा कि BJP सरकार में धर्म, जाति और नस्ल के नाम पर लगातार हिंसा को बढ़ावा मिल रहा है और एंजेल चकमा की हत्या उसी नफरत की राजनीति का परिणाम है।

BHU छात्र लोकी ने कहा कि भारत हर भारतीय का है चाहे वह पूर्वोत्तर से हो या देश के किसी अन्य हिस्से से। किसी भी नागरिक को उसकी शक्ल, पहचान या राज्य के आधार पर नफरत और हिंसा का शिकार नहीं बनाना चाहिए। पूर्वोत्तर के लोगों के साथ देश भर में ऐसी घटनाएं हो रही हैं।
छात्र तकुंग ने कहा कि नॉर्थईस्ट भारत का अभिन्न हिस्सा है, पूरा भारत ऐसे नस्लभेदी हत्यारों के खिलाफ है। अंजेल चकमा की हत्या नफरत ने की और अन्याय BJP सरकार की चुप्पी ने। भाजपा सरकार से सवाल करते हुए छात्रों ने मांग की कि वह पूर्वोत्तर के छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करे और दोषियों के साथ-साथ मामले को दबाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई करे।
छात्र–छात्राओं ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत एंजेल चकमा को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की तथा सरकार और प्रशासन से मांग की कि इस जघन्य हत्या की निष्पक्ष और त्वरित जांच कर दोषियों को कड़ी से कड़ी सज़ा दी जाए। साथ ही उन्होंने पूर्वोत्तर के छात्रों के साथ हो रही नस्लीय हिंसा और नफरत के खिलाफ एकजुट होकर संघर्ष करने का संकल्प भी लिया।

श्रद्धांजलि सभा में यह भी कहा गया कि किसी भी कीमत पर नफरत और विभाजन की राजनीति को स्वीकार नहीं किया जाएगा और न्याय, समानता व भाईचारे के मूल्यों की रक्षा के लिए छात्र समाज लगातार आवाज़ उठाता रहेगा।
श्रद्धांजलि सभा में मुख्य रूप से सुन्नीसो,देघु,बाजोम,काहे,मोहीप्सो,लोकी, एग्येन, तकुंग,बोई, रेनामसो, शिवम, सागरिका,अस्मित कन्नौजिया, निक्कू पटेल, सत्यम यादव, मुरारी, वंदना, साक्षी, राहुल, अर्पित, आदि उपस्थित थे।










Users Today : 11
Users This Year : 6349
Total Users : 18942
Views Today : 14
Total views : 37426