किसी भी प्रकार की जल दुर्घटना, अव्यवस्था अथवा अप्रिय घटना की रोकथाम के उद्देश्य से दिनांक 26.12.2025 को अपर पुलिस आयुक्त, कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय, कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा जोन काशी के पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त, प्रभारी निरीक्षक एवं जल पुलिस बल के साथ रविदास घाट सहित आसपास स्थित अन्य प्रमुख घाटों का सघन भ्रमण-निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य घाटों पर बढ़ी हुई भीड़ के दृष्टिगत नावों के सुरक्षित एवं अनुशासित संचालन को सुनिश्चित करना, यात्रियों की जान-माल की सुरक्षा, निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक, नदी व पर्यावरण प्रदूषण पर नियंत्रण, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी रिस्पॉन्स प्रणाली को सुदृढ़ करना रहा।

निरीक्षण के दौरान गंगा नदी में संचालित सभी प्रकार की नावों की सघन चेकिंग की गई। इस दौरान कुछ नावों पर निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाया जाना पाया गया, जिसे गंभीर सुरक्षा जोखिम मानते हुए संबंधित नाविकों को तत्काल नोटिस निर्गत करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मौके पर ही अतिरिक्त यात्रियों को नाव से उतरवाकर क्षमता के अनुरूप नाव संचालन सुनिश्चित कराया गया। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कुछ नावों से ज्यादा धुआं निकलने के कारण प्रदूषण फैल रहा था,
जो पर्यावरणीय नियमों के प्रतिकूल है। ऐसे सभी मामलों में संबंधित नाविकों को नोटिस निर्गत कर नियमानुसार वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु जल पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त यह स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नाव में सवार प्रत्येक यात्री को लाइफ जैकेट पहनाना अनिवार्य होगा तथा बिना लाइफ जैकेट किसी भी स्थिति में नाव यात्रा प्रारम्भनहीं की जाएगी। जिन यात्रियों द्वारा लाइफ जैकेट नहीं पहनी गई थी, उन्हें मौके पर ही लाइफ जैकेट पहनने के लिए प्रेरित किया गया एवं जल दुर्घटनाओं से बचाव के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया।
निरीक्षण उपरांत जल पुलिस, स्थानीय पुलिस एवं नाविकों के साथ मौके पर गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें वर्तमान भीड़ की स्थिति, संभावित जोखिम, आपात परिस्थितियों में आपसी समन्वय, यात्रियों के साथ शालीन व्यवहार, नियमों के शत-प्रतिशत अनुपालन के संबंध में विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
नाव संचालन एवं घाट सुरक्षा हेतु निर्देश
प्रत्येक नाव का संचालन केवल निर्धारित क्षमता के अनुरूप किया जाएगा।
प्रत्येक यात्री के लिए लाइफ जैकेट अनिवार्य होगी।
ज्यादा धुआं देकर प्रदूषण फैलाने वाली नावों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
जल पुलिस एवं स्थानीय पुलिस द्वारा निरंतर गश्त एवं आकस्मिक चेकिंग की जाएगी।
किसी भी आपात स्थिति में तत्काल जल पुलिस/स्थानीय पुलिस को सूचना दी जाएगी।
घाटों पर भीड़ नियंत्रण, क्यू मैनेजमेंट एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाएगा।
नियमों के उल्लंघन पर संबंधित नाविक के विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को यात्रा प्रारम्भ से पूर्व सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।
घाटों पर संबंधित स्थानीय थाना प्रभारी द्वारा सुरक्षा व्यवस्था का प्रबंध करते हुए निरंतर भ्रमण किया जाएगा।
उक्त निरीक्षण एवं कार्यवाही का उद्देश्य श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जल दुर्घटनाओं की रोकथाम करना तथा सुरक्षित, अनुशासित एवं पर्यावरण-अनुकूल जल यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है। कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा इस प्रकार की निगरानी, चेकिंग एवं जन-जागरूकता अभियान आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे। सोशल मीडिया सेल कार्यालय अपर पुलिस आयुक्त, काननू-व्यवस्था एवं मुख्यालय, कमिश्रनरेट वाराणसी।










Users Today : 8
Users This Year : 6346
Total Users : 18939
Views Today : 10
Total views : 37422