वाराणसी। हिमालय की ओर से चली बर्फीली उत्तरी-पश्चिमी हवा रविवार को जनपद की सीमा में प्रवेश कर गई और इसके साथ ही तापमान में गिरावट का क्रम आरंभ हो गया। आर्द्रता घटने लगी और शुष्क हवाओं ने ठंड बढ़ा दी। शनिवार की आधी रात होने के पहले से ही कोहरे ने अपनी चादर फैलानी शुरू कर दी और सुबह के आठ बजे तक दृश्यता 500 मीटर तक पहुंच गई थी।
इससे सड़कों पर वाहनों की रफ्तार कम हो गई। लोगों के शरीर पर ऊनी कपड़े थोड़े और मोटे हो गए। मौसम विज्ञानियों का मानना है कि अगले दो-तीन दिनों में तापमान में दो-तीन° सेल्सियस तक की गिरावट आएगी। मौसम के इस परिवर्तन काल में लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के लखनऊ स्थित आंचलिक कार्यालय के अनुसार प्रदेश में अभी तक कोई मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है, हिमालय के पश्चिमी क्षेत्र में बर्फबारी हो रही है।
अब हवा की दिशा घूम गई है और उत्तर-पश्चिम से आने वाली हवा हिमालयी बर्फबारी के प्रभाव को अपने साथ समेटे इधर पहुंचने लगी है। पछुआ हवा का हल्का प्रभाव जब बनारस की ओर पहुंचा तो शनिवार की रात से ही कोहरे का प्रभाव बढ़ गया। रात 11 बजे से ही मध्यम कोहरे ने अपनी चादर फैलानी शुरू कर दी जो सुबह के आठ बजे तक क्रमश: घनी होती चली गई और दृश्यता 500 मीटर तक आ गई। इसके बाद धूप खिली लेकिन हवा के प्रभाव से नरम ही बनी रही।
पिछले पांच दिनो से जारी तापमान की बढ़त पर रविवार को ब्रेक लग गया। हालांकि गिरावट मामूली ही दर्ज की गई। बाबतपुर क्षेत्र में अधिकतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस घटकर सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे 27.6 डिग्री पर आ गया जबकि न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली वृद्धि ने उसे सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस ऊपर 13.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा दिया।
इधर बीएचयू क्षेत्र में हालांकि तापमान अभी लगभग अप्रभावित रहा और यह 0.2 बढ़कर सामान्य से एक डिग्री नीचे 28.1 पर रहा। न्यूनतम तापमान में भी 0.2 डिग्री की ही वृद्धि हुई और यह सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक 14.7 डिग्री सेल्सियस रहा। पछुआ हवा के प्रभाव से आर्द्रता भी कम होना शुरू हो गई है। बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि पछुआ का प्रभाव अब सोमवार से दिखने लगेगा और तापमान में धीरे-धीरे कमी का दौर आरंभ होगा। यह स्थिति पूरे सप्ताह बनी रह सकती है।

रिपोर्ट विजयलक्ष्मी तिवारी











Users Today : 145
Users This Year : 23936
Total Users : 36529
Views Today : 312
Total views : 71809