चन्दौली जिले के पत्रकारिता जगत से एक बेहद दुखद समाचार सामने आया है। चंदौली के वरिष्ठ पत्रकार राकेश यादव का मंगलवार की भोर में वाराणसी के अस्पताल में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे कुछ समय से गंभीर रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। पहले उनका इलाज चंदौली में चल रहा था, लेकिन स्थिति बिगड़ने पर उन्हें वाराणसी रेफर किया गया, जहाँ आईसीयू में उन्होंने अंतिम सांस ली।
राकेश यादव के निधन की खबर से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन से न केवल पत्रकार समुदाय बल्कि समाज के सभी तबकों में गहरा दुख व्याप्त है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनका जाना पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति है। राकेश यादव अपनी सौम्य शैली, ईमानदार व्यक्तित्व और निष्पक्ष लेखन के लिए जाने जाते थे।
उन्होंने लंबे समय तक दैनिक प्रतिष्ठित समाचार पत्रों में कार्य किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में उनका योगदान अमिट है। वे हमेशा जनसमस्याओं को उठाने, प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करने और आम जनता की आवाज़ को सशक्त रूप से सामने लाने में अग्रणी रहें।
उनके निधन की खबर सोशल मीडिया पर फैलते ही पत्रकारों, सहयोगियों और शुभचिंतकों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
हर कोई उनके योगदान और उनके संवेदनशील स्वभाव को याद कर भावुक हो उठा। पत्रकारों ने लिखा -राकेश यादव जैसे सच्चे पत्रकार की कमी हमेशा खलेगी। उनके निधन के बाद जिले के पत्रकार संगठनों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
पत्रकार संगठनों द्वारा श्रद्धांजलि सभा आयोजित करने की घोषणा की गई है, जिसमें उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
वरिष्ठ पत्रकारों ने कहा कि राकेश यादव की सादगी, ईमानदारी और पत्रकारिता के प्रति समर्पण भाव हमेशा याद रखा जाएगा।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी









Users Today : 7
Users This Year : 11867
Total Users : 24460
Views Today : 10
Total views : 48084