वाराणसी
लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके में एक महिला अधिवक्ता के मकान में कथित रूप से लंबे समय से चल रहे देह व्यापार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसीपी कैंट अपूर्व पांडेय के नेतृत्व में हुई अचानक छापेमारी से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से दो युवकों और दो युवतियों, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है, को हिरासत में लिया है।
स्थानीय लोगों और एक एनजीओ की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। सत्यता की पुष्टि के लिए पुलिसकर्मी को फर्जी ग्राहक बनाकर मकान में भेजा गया, जहां पहले ₹5,000 की मांग की गई और बाद में ₹2,000 में सौदा तय हुआ। इसके बाद पुलिस टीम ने अचानक छापेमारी कर दी।
कमरों की तलाशी के दौरान पुलिस को आपत्तिजनक स्थिति में युवक-युवतियां मिले। मौके से नकदी और आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद होने की बात सामने आई है। महिला पुलिसकर्मियों ने भागने का प्रयास कर रहे आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में एक युवती ने आरोप लगाया कि उसे घरेलू काम के लिए बुलाया गया था, लेकिन बाद में कथित तौर पर इस धंधे में धकेल दिया गया। मकान की मालकिन और महिला अधिवक्ता ममता सिंह की भूमिका की भी पुलिस जांच कर रही है।
छापेमारी के दौरान मकान में बड़ी संख्या में कुत्ते पाले होने की बात भी सामने आई, जिसके बारे में स्थानीय लोगों का कहना है कि उनका इस्तेमाल बाहरी लोगों को अंदर आने से रोकने के लिए किया जाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है। नाबालिग से जुड़े पहलू को देखते हुए पुलिस मामले में बाल संरक्षण संबंधी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई कर रही है। स्थानीय पुलिस की भूमिका और कथित लापरवाही की भी जांच की जा रही है।











Users Today : 31
Users This Year : 23642
Total Users : 36235
Views Today : 57
Total views : 71160