वाराणसी
कमिश्नरेट वाराणसी में अवैध जुआ और संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कैंट थाना क्षेत्र के मिंट हाउस स्थित एक जुए के अड्डे पर देर रात छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चार जुआरियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि लापरवाही सामने आने पर नदेसर चौकी प्रभारी उप निरीक्षक सुमित पाण्डेय, हल्का प्रभारी उप निरीक्षक लल्लन यादव और मुख्य आरक्षी शिन विश्वकर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 27/28 जुलाई 2026 की रात की गई छापेमारी में मौके से ₹21,000 की मालफड़, तीन नोट गिनने की मशीनें, 52 ताश के पत्ते और 10 गड्डी नए ताश के पत्ते बरामद किए गए। गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में मु.अ.सं. 379/2026 के तहत उत्तर प्रदेश सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा-13 में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने संबंधित थाना प्रभारी की भूमिका की भी अलग से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कमिश्नरेट वाराणसी में जुआ, सट्टा और संगठित अपराध के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” की नीति लागू है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या मिलीभगत पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई अपराधियों के साथ-साथ लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी सख्त संदेश मानी जा रही है।









Users Today : 30
Users This Year : 23641
Total Users : 36234
Views Today : 56
Total views : 71159