वाराणसी
तारा संस्थान द्वारा सिग्नेचर ग्लोबल फाउंडेशन के सहयोग से रामनगर में संचालित निःशुल्क वृद्धाश्रम का उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने निरीक्षण किया।
इस अवसर पर तारा संस्थान, दिल्ली के संरक्षक सत्यभूषण , समाज कल्याण अधिकारी गिरिश दूबे तथा तारा संस्थान के सचिव दीपेश मित्तल भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान दीपेश मित्तल ने मंत्री को वृद्धाश्रम का विस्तृत भ्रमण कराया और वहाँ उपलब्ध आवास, चिकित्सा, भोजन, मनोरंजन एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।
मंत्री ने वृद्धाश्रम में रह रहे वरिष्ठ नागरिकों से आत्मीय संवाद किया, उनकी समस्याओं एवं अनुभवों को जाना तथा उनके साथ बैठकर भोजन भी किया।
इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की कल्पना थी कि दुनिया का सबसे उत्कृष्ट वृद्धाश्रम भारत में और वह भी काशी में स्थापित हो।
इसी संकल्प के अनुरूप रिकॉर्ड समय में इस अत्याधुनिक एवं सुव्यवस्थित वृद्धाश्रम का निर्माण किया गया।
उन्होंने कहा कि यह केवल बुजुर्गों के रहने का स्थान नहीं, बल्कि उनके सम्मानपूर्ण, सुरक्षित और सुखद जीवन का केंद्र है, जहाँ मनोरंजन, पूजा-पाठ, सत्संग तथा स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि यहाँ निवास करने वाले बुजुर्गों के लिए आवश्यक चिकित्सा सुविधाएँ परिसर के भीतर तथा आवश्यकता पड़ने पर बाहरी चिकित्सा संस्थानों से भी उपलब्ध कराई जाती हैं।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भविष्य में इसी प्रकार के और भी आधुनिक वृद्धाश्रम विकसित करने की दिशा में कार्य करेगी।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि इस वृद्धाश्रम में देश के किसी भी राज्य से आने वाले जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिक निवास कर सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे वरिष्ठ नागरिकों की गरिमापूर्ण सेवा एवं देखभाल का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।











Users Today : 31
Users This Year : 23822
Total Users : 36415
Views Today : 48
Total views : 71545