नगर निगम मोतिहारी की महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाए रखना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से नगर निगम क्षेत्र के सभी 46 वार्डों की गलियों, मोहल्लों, मुख्य सड़कों, सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य क्षेत्रों में प्रतिदिन नियमित रूप से सफाई कार्य कराया जा रहा है।
महापौर प्रीति कुमारी ने बताया कि बरसात के मौसम को देखते हुए मुख्य नालों एवं गली-मोहल्लों की नालियों की नियमित सफाई कराई जा रही है। साथ ही, जलजमाव वाले क्षेत्रों में टैंकर एवं अन्य आवश्यक संसाधनों के माध्यम से जल निकासी कराई जा रही है, ताकि जलजमाव की समस्या कम हो और शहरवासियों को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
उन्होंने बताया कि सभी 46 वार्डों में समुचित एवं सुचारू सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम द्वारा प्रत्येक वार्ड में कुल 16 सफाई कर्मियों की परिनियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त, आवश्यकता के अनुसार नाला सफाई एवं विशेष सफाई कार्यों के लिए अतिरिक्त सफाई कर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति की जाती है, जिससे प्रत्येक वार्ड में नियमित एवं प्रभावी ढंग से सफाई कार्य संचालित हो सके।
महापौर प्रीति कुमारी ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि नगर निगम का निरंतर प्रयास प्रत्येक वार्ड में बेहतर एवं सुदृढ़ सफाई व्यवस्था बनाए रखना है। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि कचरा केवल निर्धारित स्थानों पर ही डालें, गंदगी फैलाने से बचें तथा अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
महापौर प्रीति कुमारी ने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में सफाई व्यवस्था से संबंधित किसी प्रकार की लापरवाही अथवा समस्या हो, तो नागरिक तत्काल नगर निगम कार्यालय को इसकी सूचना दें। प्राप्त शिकायतों का यथाशीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है और आगे भी करता रहेगा।











Users Today : 38
Users This Year : 23829
Total Users : 36422
Views Today : 86
Total views : 71583