चन्दौली शहाबगंज
क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से मंगलवार को शहाबगंज थाना परिसर में थाना अध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में व्यापारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए थाना अध्यक्ष कृपेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि पुलिस और व्यापारियों के बीच आपसी सहयोग एवं सतर्कता से अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि बाजार अथवा क्षेत्र में कोई नया व्यक्ति, संदिग्ध गतिविधि या कोई भी असामान्य स्थिति दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
उन्होंने व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। थाना अध्यक्ष ने व्यापारियों को अपना व्यक्तिगत मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया और भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर वे दिन हो या रात, सीधे संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस जनता की सुरक्षा और सहायता के लिए सदैव तत्पर है।
बैठक के दौरान थाना अध्यक्ष ने व्यापारियों से सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना पर विश्वास न करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी जानकारी की सत्यता जानने के लिए सीधे पुलिस से संपर्क करें।
व्यापारियों ने भी पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि बाजार की सुरक्षा, शांति व्यवस्था और अपराध मुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए व्यापारी वर्ग पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य करेगा।
बैठक में राजकुमार, अजय जायसवाल, सुरेंद्र मोदनवाल, संजय जायसवाल, मुरलीधर रस्तोगी, सोनू जायसवाल सहित बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य पुलिस और समाज के बीच विश्वास को मजबूत करना तथा जनसहयोग के माध्यम से क्षेत्र को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाना रहा।
रिपोर्ट – अलीम हाशमी











Users Today : 58
Users This Year : 24569
Total Users : 37162
Views Today : 63
Total views : 73037