वाराणसी। शहर की स्वच्छता व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को और बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने गुरुवार को विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने क्रमशः करसड़ा वेस्ट टू कम्पोस्ट प्लांट, शंकुलधारा कुण्ड, स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन और अस्सी घाट का स्थलीय निरीक्षण किया। अस्सी घाट क्षेत्र में पार्किंग बनाई जाएगी। वहीं शंकुलधारा कुंड का सौंदर्यीकरण कराया जाएगा। नगर आयुक्त ने इसके लिए कुशल आर्किटेंक्ट की तलाश कर डिजाइन बनवाने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने सबसे पहले करसड़ा स्थित वेस्ट टू कम्पोस्ट प्लांट का निरीक्षण किया, जहां नगर निगम द्वारा एकत्र कूड़े से जैविक खाद तैयार की जाती है। उन्होंने प्लांट के प्रोसेसिंग सिस्टम का गहन अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रतिदिन आने वाले कूड़े का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी भी प्रकार का बैकलॉग न बने। उन्होंने कूड़ा प्रबंधन प्रणाली को और अधिक कुशल बनाने पर जोर दिया।
इसके बाद नगर आयुक्त शंकुलधारा कुण्ड पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया कि कुण्ड के आसपास फैले अस्थायी अतिक्रमण को तत्काल हटाया जाए, तथा कुण्ड के चारों ओर फेंसिंग कराई जाए ताकि कोई व्यक्ति गंदगी या अपशिष्ट सामग्री कुण्ड में न फेंके। उन्होंने जलकल विभाग की बाउंड्री की ओर कुण्ड क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कराने हेतु योग्य आर्किटेक्ट के चयन के निर्देश भी दिए।
इसके उपरांत उन्होंने जलकल परिसर में संचालित स्मार्ट ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां नगर आयुक्त ने स्वच्छता कर्मियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्टेशन को नियमित रूप से और सुचारू रूप से संचालित किया जाए ताकि कचरे के स्थानांतरण की प्रक्रिया में कोई व्यवधान न हो। निरीक्षण के अंत में नगर आयुक्त अस्सी घाट पहुंचे, जहां उन्होंने घाट क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था की संभावनाओं का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि सुचारू यातायात के लिए घाट क्षेत्र में अतिक्रमण हटाना आवश्यक है और इस दिशा में त्वरित कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.के. चौधरी, सहायक अभियंता कपीश बुधेलिया, जोनल स्वच्छता अधिकारी संदीप भार्गव तथा वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन के प्रोजेक्ट मैनेजर अनुज भाटी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।








Users Today : 21
Users This Year : 24198
Total Users : 36791
Views Today : 24
Total views : 72331