पाली/रानी आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर कांग्रेस संगठन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश संगठन के निर्देशानुसार नगर, ब्लॉक एवं मंडल स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति कर उन्हें जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी दी गई है।
पाली जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष शिशुपाल सिंह राजपुरोहित के आदेशानुसार तथा संगठन महासचिव जोगाराम सोलंकी के निर्देशन में ममता चौहान को रानी नगर का प्रभारी बनाया गया है।
प्रभारी की जिम्मेदारी मिलने के बाद ममता चौहान लगातार रानी नगर के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों से सीधा संवाद कर रही हैं। वे घर-घर जाकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन की स्थिति, स्थानीय समस्याओं, कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर जनता के रुझान का फीडबैक ले रही हैं।
ममता चौहान का कहना है कि पार्टी का उद्देश्य ऐसे जमीनी, सक्रिय, टिकाऊ और जिताऊ कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ाना है, जिनकी जनता के बीच मजबूत पकड़ हो और जो संगठन के लिए निरंतर काम कर रहे हों। टिकट चयन में कार्यकर्ताओं की राय और स्थानीय स्तर के फीडबैक को महत्वपूर्ण माना जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है। वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं से संवाद कर उनकी समस्याओं और सुझावों को संगठन तक पहुंचाया जाएगा तथा सामूहिक प्रयास से आगामी नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस को मजबूत स्थिति में लाने का प्रयास किया जाएगा।
ममता चौहान के लगातार वार्डों में दौरे और कार्यकर्ताओं से सीधे संपर्क को लेकर स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस संगठन की ओर से जमीनी स्तर पर फीडबैक लेने की इस प्रक्रिया को आगामी नगर निकाय चुनाव की तैयारियों की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।








Users Today : 17
Users This Year : 24246
Total Users : 36839
Views Today : 55
Total views : 72429