गोरखपुर
सिकरीगंज थाना क्षेत्र में युवती से फोन पर बातचीत करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को घटना के महज एक घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल की चेन भी बरामद की है। तीनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त 2026 को वादिनी की बेटी आरोपी किशन से फोन पर बातचीत करती थी। इसी बात को लेकर पूछताछ किए जाने पर विवाद हो गया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने वादिनी के पुत्र को जान से मारने की नीयत से लाठी, डंडा, रॉड और मोटरसाइकिल की चेन से बुरी तरह पीट दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से सिकरीगंज थाने में तहरीर दी गई। पुलिस ने तत्काल मुकदमा अपराध संख्या 229/2026 धारा 115(2), 109(1) और 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई की और घटना के करीब एक घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान किशन पुत्र राकेश, ऋषिकेश उर्फ खुश्शू पुत्र राकेश और यश पुत्र सुनील, सभी निवासी ग्राम हर्रेडाड़, थाना सिकरीगंज, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक कुल्हाड़ी और एक मोटरसाइकिल की चेन बरामद की है। बरामदगी के बाद दोनों वस्तुओं को पुलिस ने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक घटना में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घटना के बाद आरोपियों को फरार होने का मौका नहीं मिला।










Users Today : 52
Users This Year : 23663
Total Users : 36256
Views Today : 119
Total views : 71222