मीरजापुर
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में कार्यरत उचित दर विक्रेताओं के हित में लाभांश वृद्धि की महत्वपूर्ण घोषणा की है। लाभांश को 90 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति कुंतल कर दिया गया है, यानी 35 रुपये प्रति कुंतल की बढ़ोतरी की गई है।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण आज जिला पंचायत सभागार में किया गया। प्रसारण के दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और उचित दर विक्रेताओं ने उपस्थित होकर कार्यक्रम को देखा और सुना।
कार्यक्रम में सदर विधायक रत्नाकर मिश्र, मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार सहित बड़ी संख्या में उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद मिर्जापुर में कुल 1031 उचित दर विक्रेता कार्यरत हैं। इनके द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के अंतर्गत कुल 4,68,144 कार्डधारकों के बीच ई-पास मशीन द्वारा आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है।

इनमें अंत्योदय के 69,665 कार्डधारकों को 35 किग्रा खाद्यान्न (10 किग्रा गेहूं व 25 किग्रा चावल) निःशुल्क व 3 किग्रा चीनी 18 रुपये प्रति किग्रा की दर से तथा पात्र गृहस्थी के 3,98,479 कार्डों से संबद्ध 16,85,853 यूनिटों को प्रति यूनिट 5 किग्रा खाद्यान्न (1 किग्रा गेहूं व 4 किग्रा चावल) निःशुल्क वितरित कराया जा रहा है।
इस अवसर पर सदर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा उचित दर विक्रेताओं के हित में लाभांश वृद्धि का निर्णय सराहनीय और स्वागत योग्य है। इससे विक्रेताओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और वे और अधिक उत्साह व जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकेंगे। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
मझवां विधायक सुचिस्मिता मौर्या ने कहा कि यह निर्णय ऐतिहासिक है। लाभांश में 35 रुपये की वृद्धि से हजारों विक्रेताओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाने का आश्वासन दिया है और इसके लिए धनराशि का आवंटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली के शुभारंभ से वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी।
जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा है कि उचित दर विक्रेताओं के राशन वितरण की शिकायतें नहीं आती हैं, यह बात जनपद के लिए अक्षरशः सत्य है। इस प्रोत्साहन से आप सभी की ऊर्जा में और अधिक गति आएगी। हम जनता की सेवा के लिए सामूहिक रूप से टीम की तरह कार्य करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान विक्रेताओं ने लाभांश वृद्धि का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त/राजस्व विनोद कुमार सिंह, उप जिलाधिकारी सदर महेन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विकास खंडों से आए उचित दर विक्रेता उपस्थित रहे।










Users Today : 39
Users This Year : 23650
Total Users : 36243
Views Today : 96
Total views : 71199