चन्दौली डीडीयू नगर
द गुरुकुलम स्कूल, वाराणसी में रविवार को श्रावणी महोत्सव-2026 का भव्य एवं रंगारंग आयोजन संस्कारम् सभागार में किया गया। प्रकृति, परंपरा और पारिवारिक एकजुटता को समर्पित इस आयोजन में विद्यालय के विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि मीना चौबे , संपादक—नारी जागरण पत्रिका, पूर्व सदस्य—राज्य महिला आयोग एवं वर्तमान प्रदेश मंत्री, भारतीय जनता पार्टी, रहीं। विद्यालय परिवार की ओर से मुख्य अतिथि का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का परिचय प्रस्तुत करते हुए उनका सम्मान किया गया।
महोत्सव में विद्यार्थियों ने सावन की मनोहारी छटा और भारतीय संस्कृति के विविध रंगों को अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत कर दिया। ‘ऋतुरागिनी’ के माध्यम से वर्षा ऋतु की मधुरता को स्वर मिला, वहीं ‘सुखी’ ने सावन के उल्लास को अभिव्यक्त किया।
‘शिवोहम’ नृत्य-नाटिका के माध्यम से भगवान शिव की दिव्य गाथा का प्रभावशाली मंचन किया गया। वहीं ‘वर्षा की लय’ ने दर्शकों को सावन की खुशनुमा फुहारों और संगीत की लय से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम में माताओं एवं अभिभावकों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। माता एवं बच्चे की लोकनृत्य प्रतियोगिता ने विशेष आकर्षण पैदा किया।
वहीं रिमझिम, अंत्याक्षरी एवं गीत पहचानो जैसी गतिविधियों में अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरित आभा शीर्षक से आयोजित परिधान प्रदर्शन ने कार्यक्रम में आकर्षक रंग भर दिया। काव्यांजलि के माध्यम से सावन की भावनाओं को काव्यात्मक अभिव्यक्ति मिली।
कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन रहा। छोटे बच्चों ने पूरे आत्मविश्वास और मनमोहक अंदाज में मुख्य अतिथि, अभिभावकों, शिक्षकों तथा आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। बच्चों की सहज एवं आत्मीय प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती प्रियंका मुखर्जी का मार्गदर्शन एवं नेतृत्व विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। उनके निर्देशन में विद्यार्थियों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
प्रधानाचार्या ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों के सामूहिक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति से जोड़ने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास एवं रचनात्मक प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
मुख्य अतिथि मीना चौबे ने अपने संबोधन में भारतीय संस्कृति, लोकपरंपराओं एवं प्रकृति से जुड़ाव को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय द्वारा संस्कृति एवं परंपराओं को नई पीढ़ी से जोड़ने के प्रयास की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में विभिन्न प्रतियोगिताओं के परिणाम घोषित किए गए तथा विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यालय परिवार की ओर से सभी प्रतिभागियों एवं अभिभावकों को उनकी सक्रिय सहभागिता के लिए बधाई दी गई।
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या प्रियंका मुखर्जी, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।
पूरे आयोजन में सावन की प्राकृतिक सुंदरता, भारतीय संस्कृति, लोकपरंपरा और पारिवारिक सहभागिता का सुंदर समन्वय देखने को मिला।










Users Today : 38
Users This Year : 23649
Total Users : 36242
Views Today : 95
Total views : 71198