जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता दिवस सहित तीन प्रमुख कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा कर दिए दिशा-निर्देश

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

मीरजापुर

14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस, 09 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान और 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्यता के साथ मनाए जाने की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने जिला पंचायत सभागार में अधिकारियों, विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के प्राचार्यों-प्रबंधकों, स्वयंसेवी संगठनों के पदाधिकारियों और गणमान्य नागरिकों के साथ बैठक कर समीक्षा की।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक नगर नितेश सिंह, नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. कीर्ति कुमार मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस – जिलाधिकारी ने कहा कि देश के विभाजन के दौरान प्राणों की आहुति देने वालों की स्मृति में 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस शासन के निर्देशानुसार मनाया जाएगा। सभी तहसीलों, नगरीय क्षेत्रों और विकास खंडों में मौन सभा, स्कूल-कॉलेजों में संगोष्ठी, निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिताएं जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के नेतृत्व में आयोजित होंगी।

सूचना विभाग द्वारा निदेशालय से प्राप्त लघु फिल्म, प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन स्कूलों में कराया जाएगा। स्वयंसेवी संगठनों द्वारा कैंडल मार्च भी निकाला जाएगा। सभी कार्यक्रमों को माय भारत पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा।

हर घर तिरंगा अभियान – जिलाधिकारी ने बताया कि 09 से 17 अगस्त तक ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में हर घर पर तिरंगा फहराया जाएगा। इसका उद्देश्य राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और युवाओं में राष्ट्रभावना जागृत करना है। उन्होंने डीसी एनआरएलएम और परियोजना अधिकारी डूडा को निर्देश दिया कि तिरंगा निर्माण का लक्ष्य 07 अगस्त तक शत-प्रतिशत पूर्ण कर 08 अगस्त की शाम तक ग्राम पंचायतों और नगर निकायों के माध्यम से हर घर तक तिरंगा पहुंचाया जाए।

एनजीओ और उद्यमियों से भी तिरंगा संग्रह में सहयोग लिया जाए। सरकारी भवनों के साथ-साथ निजी भवनों, दुकानों, वाहनों और प्रतिष्ठानों पर भी तिरंगा लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाए। तिरंगे के साथ फोटो को #हर_घर_तिरंगा हैशटैग के साथ अपलोड कराया जाए।

स्वतंत्रता दिवस समारोह – जिलाधिकारी ने कहा कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। सभी सरकारी कार्यालयों पर पूर्वाह्न 08 बजे और स्कूल-कॉलेजों में पूर्वाह्न 10 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। कलेक्ट्रेट, विकास भवन और तहसील में आयोजित कार्यक्रमों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और कारगिल शहीदों के परिजनों को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

सभी कार्यालयों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा, विद्युत झालर और प्रमुख मार्गों-चौराहों पर तिरंगा लाइट लगाई जाएगी। स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और रैलियां होंगी। स्वतंत्रता दिवस से पूर्व सभी कार्यालयों, गलियों, सड़कों और पंचायत भवनों में साफ-सफाई अभियान चलाया जाएगा।

अस्पतालों, वृद्धाश्रम, मलिन बस्तियों, जिला कारागार और बाल संरक्षण गृह में फल और मिष्ठान वितरण किया जाएगा। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान के समूह गायन के नियमों के बारे में भी जानकारी दी गई।

उन्होंने जिला सूचना अधिकारी को सभी कार्यक्रमों का प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अनिल वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश जायसवाल, अधिशासी अभियंता लो.नि.वि. अशोक कुमार, जनार्दन यादव, जिला पंचायतराज अधिकारी राम उदय यादव, जेल अधीक्षक सहित गणमान्य नागरिकों में सरदार भूपेंद्र सिंह डंक, वरिष्ठ साहित्यकार सलिल पांडेय, बार एसोसिएशन अध्यक्ष अभय राज सिंह, कामिस अली एडवोकेट, मो. कलीम, लायंस क्लब व ओबीटी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट भोलानाथ यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

वामा सारथी के तत्वावधान में हरियाली तीज कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन मीरजापुर में मेहंदी, लोकगीत एवं भजन-लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत —