गो सम्मान आह्वान अभियान : 15 करोड़ हस्ताक्षरों के साथ राष्ट्रपति-पीएम को ज्ञापन, मीरजापुर से 3.92 लाख लोगों का समर्थन

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

मीरजापुर 

गोमाता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने की मांग को लेकर चल रहे गो सम्मान आह्वान अभियान के द्वितीय चरण के तहत मीरजापुर समेत देशभर के सभी जिलों में जिलाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, संबंधित राज्य के राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त प्रार्थना-पत्र और ज्ञापन सौंपा गया।

पिछले लगभग 6 माह से संतों, गौसेवकों और गोभक्तों के नेतृत्व में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत गोहत्या-निषेध के लिए केंद्रीय कानून, गोमाता को राष्ट्रमाता का सम्मान, गोचर भूमि को अतिक्रमणमुक्त कराना, केंद्रीय गो मंत्रालय की स्थापना, केंद्रीय गो-चारा नीति का निर्माण और कृषि, चिकित्सा, पर्यावरण, शिक्षा तथा मानव जीवन से जुड़े विषयों को गो-केंद्रित राष्ट्रीय नीति में शामिल करने सहित 30 से अधिक प्रमुख मांगें सरकार के समक्ष रखी गई हैं।

अभियान के प्रथम चरण में 27 अप्रैल 2026 को देश की लगभग 5,000 तहसीलों के माध्यम से 5 करोड़ से अधिक नागरिकों के हस्ताक्षरों के साथ प्रार्थना-पत्र सौंपा गया था। मांगों पर अपेक्षित निर्णय न होने पर द्वितीय चरण में पुनः देशभर से 15 करोड़ से अधिक हस्ताक्षरों के साथ अनुस्मारक प्रार्थना-पत्र सरकार को प्रेषित किया गया।
जनपद की ओर से 392991 नागरिकों के हस्ताक्षरों के साथ प्रार्थना-पत्र जिलाधिकारी के माध्यम से भारत सरकार को भेजा गया।

कार्यक्रम का शुभारम्भ निर्धारित शुभ मुहूर्त में गोमाता के पूजन, शंखनाद और “राम जय राम जय जय राम” विजय मंत्र के सामूहिक जप के साथ हुआ। इसके बाद गोभक्तों ने झंडे, बैनर, अभियान संदेशों वाले प्लेकार्ड और भजन-कीर्तन के साथ शांतिपूर्ण प्रार्थना-यात्रा निकालकर जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। यात्रा में कृष्ण-बलराम के स्वरूप, गोमाता की झांकी और संकलित हस्ताक्षरों का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया।

बाद में संत-महात्माओं, जिला कार्यकारिणी और विभिन्न सामाजिक-धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा।इस अवसर पर अभियान के प्रतिनिधियों ने कहा कि गोमाता केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, कृषि, पर्यावरण, ग्राम्य अर्थव्यवस्था और जनकल्याण का महत्वपूर्ण आधार है। सरकार से सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया गया।

यह भी कहा गया कि अभियान पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से संचालित हो रहा है और जनभावनाओं के अनुरूप निर्णय न होने तक चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा। इस अवसर पर विद्याभूषण, रामचंद्र शुक्ल, सत्य प्रकाश, दिनेश प्रकाश, माता सहाय, गोपाल, संतोष दुबे, कृष्णा पटेल, अभय मिश्रा, बृजेश गुप्ता, राहुल जैन, भोला पांडे, हरिशंकर, अनिल गुप्ता, अनिलेश स्वरूप ब्रह्मचारी महाराज, प्रवीण,

अभिषेक, अर्जुन राम तिवारी, सपना सिंह, गणेश तिवारी, नारायण राठी, राजकुमार गुप्ता, सौम्या त्रिपाठी, राम सिंह सहित बड़ी संख्या में संत-महात्मा, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि, मातृशक्ति, युवा, किसान, व्यापारी, जनप्रतिनिधि और गोभक्त उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट भोलानाथ यादव

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

वामा सारथी के तत्वावधान में हरियाली तीज कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस लाइन मीरजापुर में मेहंदी, लोकगीत एवं भजन-लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को किया गया पुरस्कृत —