बलिया
रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर गांव में रविवार की शाम जर्जर एलटी बिजली का तार टूटकर एक महिला के ऊपर गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर रूप से झुलसने के बाद मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी स्वर्गीय नरसिंग चौबे की 50 वर्षीय पत्नी ममता चौबे रविवार शाम करीब पांच बजे खेत से घर लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क किनारे से गुजर रहा एलटी बिजली का जर्जर तार अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर पड़ा। करंट की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गईं।
ग्रामीणों की सूचना पर जाम विद्युत उपकेंद्र के कर्मचारियों ने तत्काल विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद ग्रामीण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रसड़ा ले गए,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त जर्जर एलटी तार को बदलने के लिए पिछले लगभग एक वर्ष से कई बार जाम विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों से शिकायत की गई थी, लेकिन विभागीय अधिकारियों ने केवल आश्वासन दिया। समय रहते तार नहीं बदले जाने के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी विद्युत अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उधर मृतका के पुत्र बसंत कुमार चौबे ने रसड़ा कोतवाली में तहरीर देकर जाम विद्युत उपकेंद्र के एसडीओ, जेई तथा संबंधित लाइनमैन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट – विजय कुमार सोनी









Users Today : 31
Users This Year : 23642
Total Users : 36235
Views Today : 57
Total views : 71160