मीरजापुर
जनपद के चुनार थाना क्षेत्र स्थित श्री परमहंस आश्रम सक्तेशगढ़ में 29 जुलाई को आयोजित होने वाले गुरु पूर्णिमा महोत्सव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है।
आज चौकी सक्तेशगढ़ पर जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार व पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने संयुक्त रूप से मेले में ड्यूटी पर लगे जनपदीय व बाहरी जनपदों से आए पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों/कर्मचारियों की ब्रीफिंग की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

10-12 लाख श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान
प्रशासन के अनुसार इस बार गुरु पूर्णिमा पर उत्तर प्रदेश के अलावा राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार सहित कई प्रांतों से लगभग 10 से 12 लाख श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसे देखते हुए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
5 जोन, 14 सेक्टर में बंटा मेला क्षेत्र
श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 05 जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। प्रत्येक जोन व सेक्टर में वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी और यातायात पुलिस की तैनाती की गई है। आश्रम परिसर, दर्शन मार्ग, भंडारा स्थल, पार्किंग स्थलों, प्रमुख संपर्क मार्गों और सिद्धनाथ दरी क्षेत्र सहित सभी संवेदनशील स्थानों पर विशेष भीड़ नियंत्रण व्यवस्था की गई है।
ड्रोन से निगरानी, सादे कपड़ों में पुलिस
सुरक्षा को और प्रभावी बनाने के लिए ड्रोन कैमरों से निगरानी, सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती और संवेदनशील स्थलों पर एंटी रोमियो टीम लगाई गई है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला क्षेत्र में कंट्रोल रूम, खोया-पाया केंद्र, पीए सिस्टम, वायरलेस संचार, चिकित्सा शिविर, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन व अन्य आपात सेवाओं की व्यवस्था की गई है।
सिद्धनाथ दरी क्षेत्र में झरने और खतरनाक चट्टानों के पास न जाने, सेल्फी लेने और जोखिमपूर्ण गतिविधियों पर रोक के लिए विशेष पुलिस बल तैनात किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें, यातायात व्यवस्था में सहयोग करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी समस्या या आपात स्थिति में निकटतम पुलिस सहायता केंद्र पर संपर्क करें।










Users Today : 67
Users This Year : 23678
Total Users : 36271
Views Today : 138
Total views : 71241