वाराणसी,
द स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन, वाराणसी द्वारा शुक्रवार को होटल फोर एलिमेंट्स में ट्रांसफॉर्मिंग इंडस्ट्रीज थ्रू आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस विषय पर आयोजित कार्यशाला में बड़ी संख्या में उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस अब भविष्य की तकनीक नहीं, बल्कि वर्तमान की आवश्यकता है और जो उद्योग आज ए आई को अपनाएंगे, वही कल बाजार का नेतृत्व करेंगे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश भाटिया ने सभी अतिथियों एवं उद्यमियों का स्वागत करते हुए कहा कि “आज का दिन केवल एक कार्यशाला का दिन नहीं, बल्कि हमारे उद्योगों के भविष्य की दिशा तय करने का दिन है।” उन्होंने कहा कि दुनिया अभूतपूर्व गति से बदल रही है और ए आई वैश्विक अर्थव्यवस्था, उद्योग, व्यापार एवं रोजगार की परिभाषा बदल रहा है। यदि एम एस एम ई समय रहते इस तकनीक को अपनाते हैं तो वे सीमित संसाधनों में भी वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकते हैं।
मुख्य अतिथि इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष आर. के. चौधरी ने कहा कि एक समय मशीनों ने हमारे हाथों की शक्ति बढ़ाई, फिर कंप्यूटर ने हमारी कार्यक्षमता बढ़ाई और अब ए आई हमारी निर्णय क्षमता को नई ऊँचाइयों तक पहुँचा रहा है। उन्होंने कहा कि बढ़ती उत्पादन लागत, गुणवत्ता, वैश्विक प्रतिस्पर्धा, कुशल श्रमिकों की कमी, मार्केटिंग, इन्वेंटरी प्रबंधन तथा समय पर निर्णय लेने जैसी चुनौतियों का प्रभावी समाधान ए आई के माध्यम से संभव है।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए महासचिव नीरज पारीख ने कहा कि एम एस एम ई क्षेत्र के सामने आने वाली लगभग प्रत्येक चुनौती का समाधान स्मार्ट तकनीक में छिपा है और ए आई उसी परिवर्तनकारी तकनीक का सबसे प्रभावशाली स्वरूप है।
मुख्य वक्ता एवं ए आई विशेषज्ञ ऋषि उपाध्याय ने अत्यंत व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से बताया कि ए आई की सहायता से उद्योगों में मशीनों का प्रेडिक्टिव मेंटेनेंस, कच्चे माल की सटीक खरीद योजना, बिक्री का पूर्वानुमान, लागत नियंत्रण, इन्वेंटरी प्रबंधन, कर्मचारी दक्षता, ग्राहक व्यवहार का विश्लेषण तथा डिजिटल मार्केटिंग जैसे अनेक कार्य सरल, तेज़ और अधिक लाभदायक बनाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि ए आई केवल बड़ी कंपनियों के लिए नहीं, बल्कि छोटे और मध्यम उद्योगों के लिए भी समान रूप से उपयोगी और सुलभ तकनीक है।
उपाध्यक्ष अनुपम देवा ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य केवल ए आई की जानकारी देना नहीं, बल्कि प्रत्येक उद्यमी में इसे अपने उद्योग में अपनाने का विश्वास और उत्साह पैदा करना है। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला उद्योगों को भविष्य के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में प्रशांत अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, ज्ञानेश्वर, अवधेश गुप्ता, गौरव गुप्ता, अंजनी सिंह, एके मिश्रा, रमेश सुसरानी, एलएन झा, मनबोधन सिंह, आलोक भंसाली, संजीव जयपुरिया ,आशीष अग्रवाल, विनय , विशाल, उमंग, बृजेश, सौमिल, श्रेयश, संचाली, भावेश ललवानी आदि बड़ी संख्या में उद्योगपति, युवा उद्यमी एवं विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि उपस्थित थे










Users Today : 65
Users This Year : 23676
Total Users : 36269
Views Today : 136
Total views : 71239