वाराणसी
बहन की इंस्टाग्राम आईडी हैक कर भाई से धोखाधड़ी कर रुपए हड़पने और आईपीएल में सट्टेबाजी करने के मामले में दो आरोपितों को कोर्ट से राहत मिल गई। जिला जज संजीव शुक्ला की अदालत ने कानपुर निवासी दीपक सिंह व नवनीत सिंह को 50-50 हजार रुपए की दो जमानतें एवं बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया। अदालत में बचाव पक्ष की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता अनुज यादव व नरेश यादव ने पक्ष रखा।
अभियोजन पक्ष के अनुसार उपनिरीक्षक आलोक कुमार यादव को साइबर क्राइम थाने में 24 जून 2026 को प्रतिबिंब पोर्टल पर शिकायत प्राप्त हुयी थी। आरोप था कि शिकायतकर्ता शरद शारदा की बहन की इंस्टाग्राम आईडी पर क्यूआरकोड भेजकर 2000 रूपये की मांग की गयी। जिस पर शिकायतकर्ता ने उक्त मांग को अपनी बहन द्वारा ही किया गया समझकर 2000 रूपये भेज दिया।
इसके बाद पुनः 3000 रूपये की मांग किये जाने पर शिकायतकर्ता को संदेह हुआ जिस पर उसके द्वारा अपनी बहन को फोन कर जानकारी की गयी तो उनकी बहन द्वारा बताया गया कि उनकी इंस्टाग्राम आईडी हैक हो गयी है। इसके बाद शिकायतकर्ता द्वारा साइबर शिकायत दर्ज करायी गयी। उक्त शिकायत के आधार पर तथा मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मलदहिया स्थित दासनगर कालोनी में छापा मारा। मौके पर स्थित कमरे में दो व्यक्ति मिले।
पूछताछ में उन्होंने अपना नाम दीपक सिंह व नवनीत सिंह बताया। उन्होंने बताया कि वे आनलाइन बेटिंग से संबंधित कार्य करते हैं और उनके साथ उनका दोस्त प्रवीण उर्फ अक्षय भी रहता है, जो उन लोगों का बॉस है। तलाशी में कमरे से कुल 9 मोबाइल, 12 सिम कार्ड, 1 एटीएम कार्ड बरामद किया गया।
उन्होंने बताया के वे लोग वेबसाइट से ऑनलाइन बेटिंग कराते हैं और उक्त बरामद मोबाइल, सिमकार्ड से अपने वेबसाईट का प्रचार, लोगों को आईडी बेचने, लोगों के डिपाजिट तथा विथड्राल को मानिटर करने के लिए करते हैं। जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।










Users Today : 57
Users This Year : 19668
Total Users : 32261
Views Today : 143
Total views : 64026