वाराणसी
यूपी के स्टांप एवं न्यायालय शुल्क पंजीयन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविंद्र जायसवाल के पोस्टर पर कथित रूप से जूते-चप्पल मारकर विरोध किए जाने के मामले को लेकर शुक्रवार को वाराणसी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने समाजवादी पार्टी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सपा मुखिया अखिलेश यादव का पुतला दहन किया और घटना की निंदा की.
भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना था कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना सभी का अधिकार है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि का इस प्रकार अपमान करना राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है. उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की. भाजपा नेताओं ने कहा कि लुंगी और टोपी प्रेमी कभी देश प्रेमी नहीं हो सकते.
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन विरोध की भी एक गरिमापूर्ण परंपरा होती है. किसी व्यक्ति की छवि को अपमानित करना स्वस्थ लोकतांत्रिक संस्कृति के अनुरूप नहीं है और इससे राजनीतिक वातावरण में कटुता बढ़ती है.
भाजपा नेताओं ने बताया कि इस मामले को लेकर प्रशासन से शिकायत कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की जाएगी. साथ ही उन्होंने संकेत दिया कि पार्टी इस मुद्दे पर आगे भी विरोध जारी रखेगी. उल्लेखनीय है कि हाल ही में मंत्री रविंद्र जायसवाल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें कथित तौर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया गया था.
इसके विरोध में सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए मंत्री के चित्र पर जूते-चप्पल बरसाए थे. इसी घटना के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी और विरोध-प्रदर्शन का दौर तेज हो गया है. इसको लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपना रोष प्रकट किया. प्रदर्शन करने वालों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश सिंह अल्गू, पार्षद संदीप रघुवंशी, मदन दुबे, अरविंद सिंह समेत कई कार्यकर्ता मौजूद थे.









Users Today : 56
Users This Year : 19767
Total Users : 32360
Views Today : 88
Total views : 64176