वाराणसी,
गंगा नदी के दांडी घाट पर पिकेट और पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान 11वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम ने आज प्रातः लगभग 07:30 बजे एक व्यक्ति को स्नान करते समय गहरे पानी में डूबते हुए देखा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निकट तैनात एनडीआरएफ के बचावकर्मी तत्काल सक्रिय हुए और बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाकर बचाव अभियान प्रारंभ किया।
एनडीआरएफ टीम ने बचावकर्मी ने तेजी और तत्परता से व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकालकर नदी तट पर पहुंचाया। बचाए गए व्यक्ति की पहचान रिशुराज (20 वर्ष), पुत्र सतीश कुमार पटेल, निवासी नालंदा, बिहार के रूप में हुई। समय रहते किए गए इस त्वरित बचाव अभियान के कारण युवक की जान बचाई जा सकी।
एनडीआरएफ द्वारा किए गए इस साहसिक बचाव कार्य को वाराही घाट सहित आसपास के अन्य घाटों पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने प्रत्यक्ष रूप से देखा तथा बचाव दल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। इस सफल रेस्क्यू ने एक बार फिर एनडीआरएफ की तत्परता, दक्षता एवं जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।
इस घटना पर एनडीआरएफ के उप महानिरीक्षक मनोज कुमार शर्मा ने आमजन से अपील की कि वे नदियों एवं अन्य जलाशयों में स्नान अथवा अन्य गतिविधियों के दौरान जल सुरक्षा नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। उन्होंने लोगों से गहरे पानी में जाने से बचने, चेतावनी संकेतों पर ध्यान देने तथा तैनात सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि जागरूकता एवं सतर्कता ही डूबने की घटनाओं को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। विशेष रूप से मानसून के दौरान जलधाराओं का वेग एवं जलस्तर अप्रत्याशित रूप से बढ़ सकता है, इसलिए अतिरिक्त सावधानी बरतना आवश्यक है। एनडीआरएफ जन-जागरूकता एवं आपदा प्रबंधन के प्रति प्रतिबद्ध है।











Users Today : 53
Users This Year : 19388
Total Users : 31981
Views Today : 97
Total views : 63533