(मिर्जापुर)
कछवा थाना क्षेत्र के अनंतपुर (तुलापुर) स्थित मोडिलहवा तालाब के किनारे लावारिस हालत में मिले 31 पासपोर्ट के मामले का कछवां पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि दोनों वीजा बनवाने, पासपोर्ट नवीनीकरण कराने और विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लोगों से पासपोर्ट लेते थे। बाद में पासपोर्ट वापस करने के बजाय उन्हें पोटली में बांधकर तालाब के किनारे फेंक दिया।
छह जुलाई को तालाब के किनारे पानी में भीगी एक संदिग्ध पोटली मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पोटली खोलने पर उसमें 31 पासपोर्ट बरामद हुए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर गठित टीम ने जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान जुटाए गए भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने जलालपुर निवासी ओमकार गुप्ता और पसियाही निवासी खाजा यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि विभिन्न लोगों ने पासपोर्ट नवीनीकरण, वीजा बनवाने और विदेश में रोजगार दिलाने के लिए उन्हें अपने पासपोर्ट दिए थे। अधिकांश पासपोर्टों की वैधता समाप्त हो गई थी और संबंधित लोगों को वापस नहीं किए गए।
इसके बाद सभी पासपोर्ट एक पोटली में बांधकर मोडिलहवा तालाब के किनारे फेंक दिए गए।पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं और पासपोर्ट अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। जांच में बरामद 31 पासपोर्ट 29 अलग-अलग व्यक्तियों के नाम पर जारी पाए गए हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
रिपोर्ट – भोलानाथ यादव










Users Today : 2
Users This Year : 19337
Total Users : 31930
Views Today : 2
Total views : 63438