गाजीपुर।
गाजीपुर पुलिस ने मुख्तार अंसारी गैंग से जुड़े शातिर अपराधी और पूर्व प्रधान हत्याकांड के आरोपी अमित राय को उसके साथी आयुष राय के साथ गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को शहर कोतवाली पुलिस ने सुखदेवपुर तिराहे पर वाहन चेकिंग के दौरान दबोचा। इनके कब्जे से एक पिस्टल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई की सुबह दोनों आरोपी अष्टभुजी कॉलोनी निवासी प्रवीण उपाध्याय के घर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। प्रवीण, वर्ष 2016 में हुई अपने पिता एवं पूर्व प्रधान बरमेश्वर उपाध्याय की हत्या के मामले के गवाह हैं। इस घटना के बाद दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही थी।
एसपी सिटी डॉ. राकेश मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तार अमित राय वर्ष 2016 में बरमेश्वर उपाध्याय की हत्या का आरोपी है। वह करीमुद्दीनपुर थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, छिनैती, गैंगस्टर समेत करीब 26 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बिहार में भी उसके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस के मुताबिक, अमित राय पर अकेले करीमुद्दीनपुर थाने में 12 संगीन मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा शहर कोतवाली, भांवरकोल, सुहवल, नोनहरा, मरदह, मुहम्मदाबाद, अयोध्या के रौनाही सहित कई थानों में भी उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।









Users Today : 1
Users This Year : 24230
Total Users : 36823
Views Today : 2
Total views : 72376