प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण, राष्ट्र निर्माण में जनभागीदारी का दिया गया संदेश

Picture of voiceofshaurya@gmail.com

voiceofshaurya@gmail.com

FOLLOW US:

Share

वाराणसी, 28 जून 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण का सामूहिक श्रवण रविवार को चितईपुर क्षेत्र के वार्ड संख्या-33 के पार्षद श्याम भूषण शर्मा के नेतृत्व में नसीरपुर स्थित दुर्गा मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों एवं स्थानीय लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशहित एवं जनकल्याण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा को और सशक्त बनाने पर बल देते हुए कहा कि भारत आज समुद्र से लेकर आसमान तक रक्षा क्षेत्र में तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने स्वदेश में निर्मित C-295 परिवहन विमान तथा रक्षा उत्पादन में बढ़ती स्वदेशी क्षमता का उल्लेख करते हुए इसे देश की बड़ी उपलब्धि बताया।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं ने करोड़ों गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान की है।

उन्होंने समाज से अंधविश्वास छोड़कर वैज्ञानिक सोच अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि देश की प्रगति तर्क, विज्ञान और नवाचार के मार्ग पर चलकर ही संभव है।

प्रधानमंत्री ने पश्चिम एशिया में उत्पन्न तनाव के दौरान देशवासियों द्वारा कारपूलिंग, सार्वजनिक परिवहन के अधिक उपयोग तथा ईंधन की बचत के लिए किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए इसे जिम्मेदार नागरिकता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

उन्होंने महिलाओं की उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए महिला खेल प्रतियोगिताओं तथा स्थानीय स्तर पर महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को देश के विकास की नई शक्ति बताया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण की आवश्यकता पर बल देते हुए देशभर में चल रहे संरक्षण अभियानों का भी उल्लेख किया।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की प्रगति केवल सरकार के प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी से संभव है। उन्होंने सभी देशवासियों से राष्ट्र निर्माण में अपना सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के उपरांत पार्षद श्याम भूषण शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम समाज को सकारात्मक सोच, जनजागरूकता और राष्ट्रहित के कार्यों के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने उपस्थित लोगों से प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया।

इस अवसर पर प्रमुख रूप से अनिल सिंह, सुरेंद्र प्रजापति, दुर्गावती पटेल, ऋषि कुमार गोंड, रोशन पटेल, अमित सिंह, अभिषेक तिवारी, मनोज पटेल सहित सैकड़ों की संख्या में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

 

रिपोर्ट – धनेश्वर साहनी

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई