चंदौली मुगलसराय
कोतवाली क्षेत्र के हनुमानपुर अहीरान मोहल्ले में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां 22 वर्षीय विवाहिता और उसके करीब ढाई वर्षीय मासूम बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दोनों के शव घर के अंदर मिले, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का गहन निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतका की पहचान प्रिया पटेल (22), पत्नी अजय पटेल तथा उनके लगभग ढाई वर्षीय पुत्र युवराज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार प्रिया की शादी वर्ष 2022 में हुई थी। शुक्रवार रात अजय पटेल बेटे की मांग पर फ्रूटी लेने बाजार गए थे। जब वह वापस घर लौटे तो पत्नी का शव फंदे से लटका मिला, जबकि मासूम पुत्र भी मृत अवस्था में मिला। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर फोरेंसिक टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है। जांच के दौरान पारिवारिक विवाद की बात भी सामने आई है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सीओ बोले— हर पहलू की होगी गहन जांच
क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि हनुमानपुर अहीरान मोहल्ले में एक 22 वर्षीय विवाहिता और उसके लगभग दो वर्षीय पुत्र द्वारा फांसी लगाए जाने की सूचना प्राप्त हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
उन्होंने बताया कि घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम ने भी पहुंचकर आवश्यक साक्ष्यों का संकलन किया है। मामले में प्राप्त तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
वहीं, कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस आत्महत्या, प्रताड़ना सहित सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही मां और मासूम बेटे की मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।










Users Today : 60
Users This Year : 18221
Total Users : 30814
Views Today : 144
Total views : 61254