सहारनपुर।
अयोध्या के राम मंदिर को निशाना बनाने की कथित साजिश के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी(एनआईए) और आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने सहारनपुर जिले के गंगोह के रहने मोहम्मद सुहैल को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। सुहैल की गिरफ्तारी से परिवार में सन्नाटा पसरा हुआ है।जांच एजेंसियां सुहैल के संपर्कों, मोबाइल और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रही हैं।
कर्नाटक में गिरफ्तार किया गया सुहैल
परिजनों के मुताबिक मोहम्मद सुहैल अपने बड़े भाई सुएब के साथ रंगाई-पुताई का काम करता था।छह जून को दोनों भाई एक ठेकेदार के माध्यम से काम करने के लिए कर्नाटक गए थे।वहीं जांच एजेंसियों ने सुहैल को गिरफ्तार किया।परिवार का कहना है कि उन्हें इसकी जानकारी बाद में मिली।
20 साल पहले गंगोह आकर बसा था परिवार
मोहम्मद सुहैल का परिवार मूल रूप से लखनौती का रहने वाला है। लगभग 20 साल पहले परिवार गंगोह आकर बस गया था।परिवार मोहल्ला कोटला में किराये के मकान में रह रहा है। परिवार की आजीविका मजदूरी और छोटे-मोटे कार्यों पर निर्भर है।पिता लियाकत के मुताबिक उनके नौ बच्चे हैं। पांच बेटियों का विवाह हो चुका है। सबसे बड़ा बेटा सऊदी अरब में चालक का कार्य करता है, जबकि एक अन्य बेटा दिल्ली में वस्त्र कारोबार से जुड़ा हुआ है। सुहैल परिवार का सबसे छोटा बेटा है।
परिजनों ने जताई अनभिज्ञता
सुहैल के पिता लियाकत ने कहा कि उन्हें अपने बेटे की किसी भी कथित संदिग्ध गतिविधि की जानकारी नहीं थी। परिवार का दावा है कि वह केवल मजदूरी और रंगाई-पुताई का काम करता था। गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद परिजन भी पूरे घटनाक्रम से हैरान हैं।
हर पहलू की जांच में जुटीं एजेंसियां
जांच एजेंसियां फिलहाल मोहम्मद सुहैल के मोबाइल फोन, सामाजिक माध्यम गतिविधियों,ऑनलाइन संपर्कों और विभिन्न राज्यों में उसके संभावित संपर्कों की जांच कर रही हैं। सूत्रों के मुताबिक सुहैल के कुछ कथित विदेशी संपर्कों और ऑनलाइन समूहों की भी पड़ताल की जा रही है। हालांकि इन पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
मोहल्ले में चर्चा,जांच रिपोर्ट का इंतजार
मोहम्मद सुहैल की गिरफ्तारी के बाद मोहल्ला कोटला में दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहा। स्थानीय लोग भी मामले की सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं। फिलहाल राष्ट्रीय जांच एजेंसी और एटीएस मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी है।











Users Today : 30
Users This Year : 18126
Total Users : 30719
Views Today : 120
Total views : 61037