जौनपुर।
जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में स्थानीय नगर निकायों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें नगर क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, स्वच्छता, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और जनसुविधाओं की गहन समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान डीएम ने नगर पालिका परिषद जौनपुर के कार्यों की प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जाएगा और सभी परियोजनाएं निर्धारित मानकों के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरी कराई जाएं।
डीएम ने चेतावनी देते हुए कहा कि कार्यों में लापरवाही, अनियमितता या मानकों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विकास कार्य स्थलों पर सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को परियोजनाओं की पूरी जानकारी मिल सके।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधूरे और विलंबित कार्यों पर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि जो ठेकेदार अनावश्यक देरी कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
इसके साथ ही नगर निकायों को विशेष अभियान चलाकर फुटपाथ और सार्वजनिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने का निर्देश दिया गया। दुकानों के बाहर लगे अवैध बोर्ड, होर्डिंग और आवागमन में बाधा बनने वाले अवरोधकों को हटाने के भी आदेश दिए गए।
डीएम ने नगर क्षेत्रों की सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर लंबे समय से खड़े जर्जर और अनुपयोगी वाहनों को चिन्हित कर हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे वाहन यातायात व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा दोनों के लिए खतरा हैं।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी, नगर मजिस्ट्रेट, नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।











Users Today : 37
Users This Year : 18133
Total Users : 30726
Views Today : 150
Total views : 61067