चकिया (चंदौली),
बाल विवाह की रोकथाम और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में चकिया में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। संस्था मानव संसाधन एवं महिला विकास संस्थान द्वारा संचालित कवच परियोजना के अंतर्गत उन 7 बालिकाओं को साइकिल वितरित की गई, जिनके बाल विवाह को समय रहते रोककर उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ा गया है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपजिलाधिकारी पवन कुमार यादव एवं ब्लॉक प्रमुख शम्भूनाथ यादव ने बालिकाओं को साइकिल प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना तथा उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखना है।
उपजिलाधिकारी पवन कुमार यादव ने कहा कि बालिका शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है। उन्होंने कवच परियोजना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी योजनाएं बेटियों को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने बालिकाओं को नियमित रूप से विद्यालय जाने, मेहनत से पढ़ाई करने और अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं ब्लॉक प्रमुख शम्भूनाथ यादव ने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि बच्चों की सुरक्षा, शिक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बालिकाओं से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने और समाज में नई मिसाल कायम करने का आह्वान किया।
साइकिल प्राप्त करने के बाद बालिकाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। उन्होंने नियमित रूप से विद्यालय जाने, पढ़ाई जारी रखने तथा अन्य बच्चों को भी शिक्षा के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस पहल को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति के खिलाफ एक प्रभावी कदम बताते हुए इसकी सराहना की।
इस अवसर पर तहसीलदार देवेन्द्र कुमार यादव, दिनेश कुमार तथा संस्था की ओर से संजू, प्रीति, जितेन्द्र, मनोज और शहनाज सहित कई लोग मौजूद रहे।
बाल विवाह रोककर बेटियों के हाथों में साइकिल और शिक्षा की नई राह सौंपने की यह पहल निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश दे रही है।











Users Today : 24
Users This Year : 23966
Total Users : 36559
Views Today : 56
Total views : 71872